1914 में ब्रिटिश काल में बना था लाल पुल, 5 लाख से अधिक आबादी को मिलेगी राहत
लखनऊ। (संवाददाता) ब्रिटिश काल में बने ब्रिज के बगल में 92 करोड़ की लागत कीसे नया पक्का पुल बनेगा। शासन ने बजट को मंजूरी दे दी है। पुराना पुल जर्जर होने के चलते इस पर एक साल से भारी वाहनों का आवागमन बंद था। नया पुल बनने से 5 लाख की आबादी को फायदा मिलेगा। सेतु निगम के अफसरों के मुताबिक इसी महीने से निर्माण कार्य शुरू होगा।
खदरा स्थित वर्षो पुराना लाल पुल जर्जर हो गया है। इसका निर्माण 1914 में गोमती नदी पर ब्रिटिश काल में हुआ था। पुल की उम्र 108 हो गई है। पुल जर्जर होने के चलते इस पर करीब एक साल से भारी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया था। पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों ने पुल के दोनों तरफ़ पत्थर लगा कर रास्ता बंद कर दिया था। इसके चलते सेतु निगम के इंजीनियरों ने इसके बगल में नया पुल का प्रस्ताव बनाया था। इसके निर्माण में 92 करोड़ 41 लाख का खर्च आएगा। शासन ने बजट को स्वीकृति दे दी है। सेतु निगम के लखनऊ इकाई के महाप्रबंधक केके श्रीवास्तव ने बताया कि पुल के निर्माण के लिए मिट्टी की जांच पहले करवाई जा चुकी है। इसी महीने से इसका निर्माण कार्य शुरू होगा।




