कार्यदायी संस्था ने वाहन चालकों के लिए सड़क किनारे कोई संकेत भी नहीं बनाए
मलिहाबाद,लखनऊ। (संवाददाता) बीते वर्ष से राष्ट्रीय राजमार्ग 731 (NH-731) पर लखनऊ से हरदोई जाने वाले मार्ग पर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। मलिहाबाद क्षेत्र के महमूद नगर गांव में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा किए जा रहे इस कार्य में कार्यदायी संस्था द्वारा करीब 4 माह से एक रोड की एक साइड बंद करके पुलिया का इतना सुस्त काम कराया जा रहा है कि रोड वन वे होने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं।
खास बात तो यह है कि कार्यदायी संस्था ने वाहन चालकों के लिए सड़क किनारे कोई संकेत भी नहीं बनाए हैं। सड़क पर एक साइड पुलिया निर्माण कार्य के चलते दूसरी तरफ दो पहिया व चार पहिया सहित भारी वाहन फर्राटे भरते किसी भी समय देखे जा सकते हैं। महमूद नगर के ग्रामीणों का कहना है कि यह पुलिया पिछले करीब चार महीनों से बन रही है। इतने दिनों में तो पुल बनकर तैयार हो जाता,यह सिर्फ कार्यदायी संस्था की लापरवाही है। अगर हम लोग अपने घरों से निकलकर दुकान पर कुछ खान पान का सामान लेने जाते हैं तो रोड वन वे होने से काफी संख्या में वाहनों का आवागमन के चलते हर समय जान का खतरा बना रहता है, अभी बीते माह इस गांव में वन वे रोड होने के कारण कई दो पहिया व चार पहिया वाहनों में आमने सामने भिड़ंत होने कई लोग घायल हो चुके हैं। आए दिन गांव में सड़क दुर्घटनाएं होने से ग्रामीणों में भय व्याप्त हो चुका है। ग्रामीण इसका दोष सिर्फ नेशनल हाईवे की कार्यदायी संस्था को दे रहे हैं।




