July 28, 2026 10:11 pm

विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करें अधिकारी: ए.के. शर्मा

जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रत्येक पात्र व्यक्ति को लाभान्वित करें, जनप्रतिनिधियों की शिकायतों का प्राथमिकता पर करें निस्तारण

 

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ प्रशासनिक समन्वय समिति की समीक्षा बैठक कर बरसात, श्रावण मास में प्रस्तावित कांवड़ यात्रा तथा विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

मंत्री श्री शर्मा ने लोक निर्माण विभाग को वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने तथा जल निगम को पाइपलाइन कार्यों के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों का शीघ्र पुनर्निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निकायों को जलभराव रोकने, नालों-नालियों की नियमित सफाई तथा संचारी रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक स्वच्छता अभियान, फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा छिड़काव प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंत्री श्री शर्मा ने कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। ऊर्जा विभाग को निर्देशित किया कि सभी कांवड़ मार्गों पर विद्युत लाइनों एवं पोलों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल पूरे किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो। उन्होंने किसानों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को विकास एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने को कहा। स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे उठाए, जिन पर मंत्री श्री शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उनका लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक दीनानाथ भास्कर, विधायक विपुल दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक सहित जनप्रतिनिधिगण एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

62
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!