घायल को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, फोरेंसिक टीम घटनास्थल से नमूने लेकर जांच के भेजा
नामजद रिपोर्ट दर्ज,हमलावरों की तलाश में पुलिस की टीमें गठित, उनकी गर्दन दबोचने के लिए टीम अलग-अलग दिशाओं में रवाना
अचानक गोली चलने की सूचना पर इलाके में फैली सनसनी
यासीन गंज स्थित महादेव मंदिर के पास हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी लखनऊ में गोलीकांड होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। सआदतगंज थाना क्षेत्र के यासीन गंज क्षेत्र स्थित महादेव मंदिर के पास शुक्रवार शाम किसी बात को लेकर असलहों से लैस बदमाशों ने 24 वर्षीय अब्दुल खान उर्फ गप्पू को गोली मार दी। गोली लगते ही वह लहुलुहान होकर गिर पड़ा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में घायल को ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि पुलिस उपायुक्त पश्चिमी कमलेश दीक्षित के मुताबिक घायल खान की हालत खतरे से बाहर है। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भाग निकला। डीसीपी पश्चिमी का कहना है कि हमलावर की तलाश में पुलिस की टीमें लगा दी गई है और उम्मीद है कि जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
चौक थाना क्षेत्र के फूल मंडी निवासी 24 वर्षीय अब्दुल खान उर्फ गप्पू किसी काम से सआदतगंज इलाके के यासीन गंज जा रहा था कि तभी महादेव मंदिर के पास असलहों से लैस बदमाशों ने घेरकर गोली मार दी। पुलिस उपायुक्त पश्चिमी कमलेश दीक्षित के मुताबिक जांच पड़ताल के बाद सामने आया है कि अमान उर्फ मुन्ना नाम के शख्स ने घटना को अंजाम देने के बाद मौके से भाग निकला। उन्होंने बताया कि घरवालों की तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगा दी गई है और उम्मीद है कि जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। हमलावर ने अब्दुल खान उर्फ गप्पू को गोली क्यों मारी और दोनों के बीच किस बात को लेकर रंजिश चल रही थी इसकी वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस घायल को ट्रामा सेंटर भेजकर मामले की छानबीन कर रही है।





