लखनऊ। राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रोड सेफ्टी क्लब कालीचरण पी.जी. कॉलेज लखनऊ द्वारा दिनांक 31 जनवरी 2025 को सड़क सुरक्षा जागरूकता पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में मुख्य वक्ता श्री भूप सिंह यादव जी (उप निरीक्षक, वीमेन पावर लाइन , 1090 लखनऊ) ने विद्यार्थियों को बहुत ही बेहतरीन ढंग से तरह तरह के क्रिया कलापों के माध्यम से परिवहन संबंधित नियमों एवं सुरक्षा संबंधी उपायों को समझाया।
व्याख्यान के दौरान श्री सिंह ने विद्यार्थियों के सवालों का भी जवाब दे कर उनके जिज्ञासाओं को शांत किया। श्री भूप सिंह जी ने कार्यशाला में सड़क पार करने संबंधी सावधानियां, हेलमेट के प्रयोग, ओवरटेक करने के नियम, चौराहे पर लाइट, गाड़ी चलाते समय मोबाइल प्रयोग, गाड़ी चलाने के आधारभूत नियमों पर विस्तार से व्याख्यान दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. चंद्र मोहन उपाध्याय ने मुख्य वक्ता का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया एवं आज के इस व्यस्त जीवनशैली में विद्यार्थियों के लिए सड़क सुरक्षा के महत्त्व को बताते हुए कार्यशाला को प्रारंभ किया। इस एक दिवसीय कार्यशाला के साथ राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का भी समापन किया गया।
सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत नियमित विभिन्न कार्यक्रमों जैसे पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, सड़क सुरक्षा क्विज, सड़क सुरक्षा रैली, व्याख्यान आदि का आयोजन किया गया। इसी समापन कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा पर पूर्व में आयोजित किए गए विभिन्न गतिविधियों के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। इस पूरे कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने बड़े उत्साह से प्रतिभाग किया। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ अलका द्विवेदी, डॉ मुकेश कुमार मिश्रा, डॉ शिव कुमार, एवं अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे।



