यूपी एसटीएफ ने खीरी से 4 शातिर को किया गिरफ्तार, 324 सिम और 58 हजार नकद बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ।सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और ज्यादा पैसा कमाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का यूपी एसटीएफ ने पर्दाफाश किया है।
यूपी एसटीएफ की टीम ने खीरी के कोतवाली क्षेत्र स्थित आवास विकास कॉलोनी से गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह लोगों को सरकारी योजना का लाभ दिलाने और अधिक पैसा कमाने का लालच देता था। इसके बाद उनके नाम पर सिम एक्टिवेट कराते, उससे यूपी आईडी बनाते और फिर गेमिंग ऐप के जरिए पैसे की ठगी करते थे।
गिरफ्तार आरोपी अभिषेक वर्मा, निवासी रामपुरवा, थाना लहरपुर, सीतापुर व नीरज वर्मा, निवासी रायपुर, थाना निघासन, लखीमपुर खीरी व रवि दीप कुमार, निवासी बचवा, थाना पढ़ुआ, लखीमपुर खीरी व आदेश वर्मा, निवासी बेलवा, थाना शारदा नगर, लखीमपुर खीरी के पास से 324 सिम कार्ड, 08 मोबाइल फोन, 01 फिंगर मशीन, 06 एटीएम कार्ड, 02 आधार कार्ड, 02 दो पहिया वाहन, 01 पैन कार्ड, 01 आईडी कार्ड और 58,000 रुपये नकद बरामद किए।
पकड़े गये आरोपियों की गिरफ्तारी उप निरीक्षक पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई। टीम में रामशंकर चौधरी, चेतन सिंह, सूरज कुमार और राघवेन्द्र तिवारी शामिल थे।आरोपियों के खिलाफ लखीमपुर खीरी के थाना कोतवाली सदर में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।यूपी एसटीएफ नें सरकारी योजना के नाम पर कोई भी आपसे सिम या यूपीआईडी की जानकारी मांगे तो तुरंत सतर्क हो जाएं और पुलिस को सूचना दें।




