August 8, 2026 2:10 am

​सशक्त नारी, सुरक्षित समाज: औरास थाना की एंटी रोमियो टीम ने ग्राम सरौद में महिलाओं को बांटे सुरक्षा और स्वावलंबन के मंत्र

औरास, उन्नाव। (संवाददाता) उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान के अंतर्गत नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए औरास थाना पुलिस पूरी तरह सक्रिय है। पुलिस अधीक्षक उन्नाव के कुशल निर्देशन में सोमवार को थाना औरास की एंटी रोमियो टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

एंटी रोमियो टीम की महिला कांस्टेबल अंजना और आरती राजभर ने ग्राम सरौद में चौपाल लगाकर बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि किसी भी विषम परिस्थिति में घबराने के बजाय सरकारी हेल्पलाइन नंबरों का प्रयोग करें। टीम द्वारा मुख्य रूप से 1090 (विमेन पावर लाइन) 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा) 181 (महिला हेल्पलाइन) 1930 (साइबर क्राइम हेल्पलाइन) 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया।

इसके साथ ही 1076, 108, 102 और 101 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की कार्यप्रणाली समझाई गई।

सुरक्षा के साथ-साथ पुलिस टीम ने बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी। इसमें मुख्य रूप से मुख्यमंत्री सुकन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के लाभ बताए गए। टीम ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को योजनाओं से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए ताकि वे जागरूक होकर इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

बढ़ते डिजिटल अपराधों को देखते हुए महिला कांस्टेबलों ने बालिकाओं को साइबर क्राइम के खतरों से आगाह किया और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के टिप्स दिए। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने बालिकाओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और उनके त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया। इस दौरान गांव की बड़ी संख्या में महिलाएं और किशोरियां उपस्थित रहीं।

 

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!