लखनऊ। (संवाददाता) इंदिरा नगर बी ब्लाक स्थित साईं आश्रय मंदिर में रविवार रात चोरों ने दान-पेटी के लॉकर को तोड़कर पैसे चुरा लिया। सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी ने टूटी दान-पेटी देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। साथ ही मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले।
मंदिर प्रबंधन ने बताया कि रविवार रात एक बजे से दो बजे के बीच एक चोर पीछे से जाली तोड़कर अंदर घुसा। इसके बाद मंदिर में रखे दो दान पात्र तोड़ दिया। चोर मंदिर में करीब एक घंटे तक रहा। कोई भी वाहन की रोशनी आने पर पर्दे के पीछे छिप जाता। जिससे वह सीसीटीवी में कैद नहीं हुआ। मंदिर में लगे सीसीटीवी में एक चोर दिखा है, लेकिन मंदिर की लाइट बंद होने से उसका चेहरा नहीं आया है। चोर दान पात्र की सारी रकम चुरा ले गया।
मंदिर प्रबंधन का कहना है कि मेन चौराहे पर मंदिर होने के बाद भी चोर ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस की गश्त न होने का ही नतीजा है कि यहां चोरी हुई। यहां कुछ ही दूरी पर स्थित एक मंदिर में और चोरी हो चुकी है। उसका भी खुलासा नहीं हुआ। गाजीपुर थाना पुलिस के मुताबिक प्रबंधन की तरफ से मिली शिकायत के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर चोरी की खुलासा किया जाएगा।




