पेट और आंख के पास गोली लगने से गार्ड जख्मी, एक निजी अस्पताल में भर्ती
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार
पुलिस की टीमें गठित, बदमाशों की तलाश में जुटी
अंसल क्षेत्र के वेयर हाउस के पास हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी लुटेरों के निशाने पर है। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात अंसल क्षेत्र स्थित वेयर हाउस में चोरी या फिर लूट के इरादे से घात लगाए बैठे बदमाशों ने वहां पर मुस्तैद सुरक्षा गार्ड पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर जख्मी कर दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर अन्य सुरक्षा गार्ड ललकारते हुए दौड़े तो बदमाश हवाई फायरिंग झोंकते हुए मौके से भाग निकले। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल गार्ड को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के मुताबिक बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं और उम्मीद है कि जल्द ही पकड़ लिए जाएंगे।
सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के अंसल क्षेत्र स्थित वेयर हाउस में गोसाईगंज के उद्घवतखेड़ा गांव निवासी पंकज यादव पुत्र राम सुमेरन सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत हैं। रोज की तरह वह शुक्रवार रात ड्यूटी दे रहे थे कि इसी दौरान वेयर हाउस के पीछे रखा कबाड़ के पास झाड़ियों में कुछ संदिग्ध लोगों के होने की आहट होने पर सुरक्षा गार्ड पंकज यादव अपना बचाव करते हुए आवाज लगाई। बताया जा रहा है कि तभी झाड़ियों में छिपकर बैठे बदमाशों ने गार्ड के ऊपर फायरिंग झोंकनी शुरू कर दी। पेट और आंख के पास गोली लगने से सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया।
अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के मुताबिक घायल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घायल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी का कहना है कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं। पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों को चिन्हित करने में जुट गई है। बताया जा रहा है ऐसा प्रतीत हो रहा है कि गोली चलाने वाले लुटेरे हैं और लूट के इरादे से ही यहां घात लगाए बैठे थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इससे इन्कार नहीं किया जा सकता, लिहाजा इस मामले में कई बिंदुओं पर गहनता से छानबीन की जा रही है।





