आटो रिक्शा में सवार होकर पहले रैकी फिर घटना को देते थे अंजाम
सोने-चांदी के जेवरात, नकदी घटना में इस्तेमाल आटो रिक्शा बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। सैरपुर पुलिस ने बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा कर दो चोरों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और यह लोग आटो रिक्शा में सवार होकर पहले रैकी करते थे फिर मौका मिलते ही बंद मकानों में धावा बोलकर नकदी व जेवरात बटोर कर भाग निकलते थे।
इंस्पेक्टर सैरपुर मनोज कुमार कोरी के मुताबिक उनकी टीम ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर मड़ियांव क्षेत्र स्थित मुतक्कीपुर अल्लु नगर डिगुरिया गांव निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद वैश खान पुत्र फतेह खान व सलमान पुत्र इरफान बेग को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि एक आरोपी मोटर मैकेनिक तो दूसरा वैल्डिंग का काम करता है। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और आटो रिक्शा में सवार होकर पहले रैकी करते थे फिर मौका मिलते ही बंद मकानों में चोरी किए जाने की बात स्वीकार किया है। पुलिस को इनके पास सोने-चांदी के जेवरात, नकदी व घटना में इस्तेमाल आटो रिक्शा बरामद हुए हैं।




