धुआं का गुब्बार और लपटें देख अफरा-तफरी मच गई
ए अहमद सौदागर लखनऊ। हाईसिक्योरिटी जोन माने जाने वाले हजरतगंज क्षेत्र स्थित खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय भवन में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बिल्डिंग से धुएं का गुब्बार और लपटें उठती देख आसपास से गुजर रहे लोगों के अलावा परिसर में मौजूद लोगों में कोहराम मच गया और आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह दमकल की दो गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। घंटे भर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। वारदात किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि दमकल विभाग की गाड़ियां जब घटनास्थल पर पहुंचीं, तब तक पूरी बिल्डिंग में घना धुआं भर चुका था, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई थी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल और हजरतगंज के अग्निशमन अधिकारी राम कुमार रावत के नेतृत्व में टीमों ने मोर्चा संभाला। दमकलकर्मियों ने एक तरफ तेजी के साथ हौज लाइन बिछाकर आग बुझाने के लिए पानी की बौछारें शुरू कीं। दूसरी तरफ वेंटिलेशन बनाकर भवन के अंदर फंसे धुएं को बाहर निकालने का काम तेज किया गया। मौके पर मची अफरा-तफरी के बीच दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाते देख तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।





