घटना में इस्तेमाल 32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल बरामद
श्रीराम टॉवर के पास हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। बीते 24 जून 2026 की रात हजरतगंज क्षेत्र स्थित श्रीराम टॉवर के पास मामूली कहासुनी के बाद 27 वर्षीय काविश अदील के साथ मारपीट कर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने वाले आरोपित विवेक सिंह भदौरिया को इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह की टीम ने गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को इसके पास से घटना में इस्तेमाल 32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में गहनता से छानबीन की जा रही है।
इटावा जिले के इकदील थाना क्षेत्र स्थित जयप्रकाश नगर व हाल पता हजरतगंज के 8/6 आफिसर्स कॉलोनी डालीबाग निवासी विवेक सिंह भदौरिया पुत्र जयचंद भदौरिया को इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह की टीम बीते 25 जून 2026 से तलाश रही थी। आरोपी की गर्दन दबोचने के लिए इंस्पेक्टर हजरतगंज के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शिवम पांडेय, उपनिरीक्षक मधुकर सिंह, उपनिरीक्षक विनय भूषण, कांस्टेबल शैलेन्द्र यादव, कांस्टेबल अमनीश कुमार व कांस्टेबल मनोज कुमार सिंह को लगाया गया था।
पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी कि गुरुवार को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि दबंग हमलावर विवेक सिंह भदौरिया इसी थाना क्षेत्र में मंडरा रहा है। इस सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेरेबंदी कर आरोपी को धरदबोचा।
इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह के मुताबिक बीते 25 जून 2026 को सआदतगंज थाना क्षेत्र के 424 /81 मकबूल गंज निवासी 27 वर्षीय काविश अदील ने लिखित तहरीर देकर बताया कि हजरतगंज स्थित श्रीराम टॉवर के पास यूपी 32 के एक्स 0043 काले रंग की कार सवार ने मामूली कहासुनी के बाद जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और विरोध करने पर उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज वाहन संख्या यूपी 32 के एक्स 0043 का नंबर खंगाला गया तो पता चला कि यह वाहन इटावा व हाल पता डालीबाग निवासी विवेक सिंह भदौरिया की कार है। पुख्ता सबूत हाथ लगते ही इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह की टीम ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर हजरतगंज के मुताबिक पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह श्रीराम टॉवर में मोबाइल फोन की दुकान पर मोबाइल फोन बनवाने के लिए गया था कि इसी दौरान मामूली कहासुनी के बाद वादी को जान से मारने की नीयत से अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग करने की बात स्वीकार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद कर लिया है। इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह के मुताबिक मामले की छानबीन की जा रही है।




