इको कार में लूट और मारपीट के मामले में चल रहा था फरार
ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी एसटीएफ ने हापुड़ जिले से पुलिस से फरार चल रहे एक लाख रुपए के इनामी कुख्यात बदमाश रोहित को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपी पर हत्या, लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट सहित 31 मुकदमे विभिन्न जनपदों में दर्ज हैं।
एसटीएफ लखनऊ इकाई को सूचना मिली थी कि थाना पिलखुआ क्षेत्र में एक लाख का इनामी रोहित देखा गया है। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में निरीक्षक घनश्याम यादव के नेतृत्व वाली टीम ने पिलर नं. 20, बन्द फाटक, थाना पिलखुआ के पास घेराबंदी कर रोहित को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी रोहित पुत्र विजयपाल निवासी: मोहल्ला विकासनगर, थाना खुर्जानगर, जनपद बुलन्दशहर नें पूछताछ में बताया कि नौ जून 2025 को उसने साथियों छोटे, कुलदीप, संजय और सचिन के साथ थाना पिलखुआ क्षेत्र में इको कार में सवार 5 लोगों से लूट की थी। आरोपियों ने असलहा दिखाकर मारपीट की, एक व्यक्ति की अंगुली में गंभीर चोट पहुंचाई और कार में रखे बैग से 56,000 रुपये, दो लोगों की जेब से 5 हजार और 2 हजार रुपये तथा एटीएम कार्ड का पिन पूछकर 10 हजार रुपए निकाल लिए थे। इसी मामले में थाना पिलखुआ में मुकदमा दर्ज है।पकड़ा गया रोहित शातिर किस्म का अपराधी है। इसके खिलाफ अलीगढ़, गाजियाबाद, बुलन्दशहर, नोएडा, गौतमबुद्धनगर, मुरादनगर, खुर्जा सहित कई जिलों में 31 मुकदमे दर्ज हैं। प्रमुख धाराएं हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराएं हैं।
गिरफ्तार रोहित को थाना पिलखुआ पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।





