August 8, 2026 3:59 am

सेहरा के सपने चकनाचूर, बेटे को कफन में लिपटा देख गुमशुम हो गई ममता  

मलिहाबाद लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र में आज अपने जिगर के टुकड़े को खुद से दूर कर पढ़ा-लिखाकर बड़ा आदमी बनाने और उसके सिर पर सेहरा सजाने के सपने बुन रही मां की ममता उस वक्त चकनाचूर हो गई। जबकि उसने अपने लाड़ले को कफन में लिपटा देखा। भाई अब्दुल कुद्दुस ने बताया कि अल्तमश की मौत के बाद मां जैनब खातून गुमशुम हो चुकी है। दरवाजे की तरफ देखकर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगती है और अचानक से बेहोश हो जाती है। हालांकि, पीड़ित परिवार अल्तमश को न्याय दिलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाऐगा।

बस्ती जनपद के पैकोलिया थाना क्षेत्र निवासी अब्दुल कुद्दूस ने बताया कि अल्तमश सात भाई-बहन में सबसे छोटा था। वह मां जैनब खातून और घर का दुलारा था। चार वर्ष पूर्व मां ने उसे परिवार और खुद से दूर कर लखनऊ के सफा पब्लिक स्कूल में पढ़ने भेज दिया था। घर की तंगहाली को देखते हुए अल्तमश का दाखिला आरटीई (शिक्षा के अधिकार अधिनियम) के तहत हुआ था। जहां, हिंदी को बोलने और गरीबी का हवाला देते हुए स्कूल प्रशासन की तरफ से बेटे को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था, जिसके चलते बेटे ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।

बताया कि घर की तंगहाली को देख अल्तमश मां जैनब से बोला करता था। कि बड़ा होकर मैं सारे दुख दर्द दूर कर दूंगा। पोस्टमार्टम के बाद अल्तमश का शव कफन में लिपटकर घर पहुंचा तब से मां बेसुध हो चुकी है। उनकी निगाहें दरवाजे पर टिकी हुई है, हर वक्त वह अल्तमश के लौटने की उम्मीद लगाए हुए है। मां को यकीन नहीं हो रहा है कि कल तक बेटे को पढ़ा-लिखाकर सेहरा में देखने वाले सपनें इस तरह से चकनाचूर होगें उन्हें इस बात का अंदाजा भी नहीं था। वहीं, मामा अब्दुल मलिक ख़ान ने बताया की स्कूल प्रशासन ने 15 दिन से अल्तमश से बातचीत करने पर रोक लगा दी थी।

भाई अब्दुल कुद्दुस हॉस्टल में पढ़ रहे अल्तमश से मोबाइल पर बात करने को कहता तब कोई न कोई बहाना बना दिया जाता था। घटना के दो दिन बाद परिजनों का कहना है कि अल्तमश की मौत जांच कर रही पुलिस ने अब तक उन्हें कोई जानकारी नहीं दी है। इसके साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट की कॉपी भी नही साझा की गई। बच्चे की मौत किस तरह से हुई है यह भी जानकारी छिपाई जा रही है। परिजनों का कहना है कि अल्तमश को इंसाफ दिलाने के लिए वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात करेंगे।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!