लखनऊ। (संवाददाता) ठाकुरगंज क्षेत्र के कल्याण गिरी मंदिर से महाशिवरात्रि पर भव्य बारात निकाली गई। इस बारात में गाजे-बाजे, रथ, ऊंट, डीजे के साथ संन्यासी और श्रद्धालु शामिल हुए।
बारात में भूत-प्रेत, पिशाच, नागदेव, मदारी और सपेरे की वेशभूषा में कलाकार शामिल थे। बाजार को रंग-बिरंगे गुब्बारों और झंडों से सजाया गया। जगह-जगह फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया।
चौक क्षेत्र के पार्षद अनुराग मिश्रा ने पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया। घरों की छतों से महिलाओं ने फूलों की बरसात की और शिव भगवान की आरती उतारी। कलाकारों ने शिव तांडव, शिव-पार्वती और राधा-कृष्ण का जीवंत मंचन किया।
दूर-दूर से लोग हुए शामिल
व्यवसायियों ने जगह-जगह बारातियों के लिए फलाहार, जलपान और प्रसाद का वितरण किया। बारात में दूर-दूर से लोग शामिल हुए। बालागंज, ठाकुरगंज और चौक रोड पर स्थानीय नेताओं और व्यापारियों ने बारात का स्वागत किया।




