मलिहाबाद,लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र में आज रहीमाबाद थाना क्षेत्र में अब चोरों ने चोरी करने का पैतरा बदल लिया है।
सोने चांदी की दुकानों तथा घरों को छोड़ अब चोरों ने दिनदहाड़े बकरियों की चोरी करना शुरू कर दिया है। शनिवार दोपहर रहीमाबाद थाना क्षेत्र के गांव गदियाखेड़ा मजरा जिंदौर में
घर के बाहर वैन लगाकर अज्ञात चोरों ने तीन बकरियों को खोलकर वैन में डालकर फरार हो गए। इससे यह साफ जाहिर होता है कि चोरों में रहीमाबाद पुलिस का कोई खौफ नहीं है। पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने थाने पर तहरीर देने की बात कही है। पीड़ित ने रहीमाबाद थाने पर दिन दहाड़े बकरियां चोरी होने की तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
रहीमाबाद थाना क्षेत्र के गदियाखेड़ा मजरा जिंदौर निवासिनी जयरानी पत्नी सोहन ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि वह शनिवार दोपहर अपने घर की छत पर चिप्स पापड़ बना रही थी उसकी तीन बकरियां घर के बाहर बंधी हुई थी तभी बकरियों के बच्चों के चिल्लाने की आवाज आई। आवाज सुनकर जब वह छत से उतरकर घर के बाहर आई तो देखा कि खूंटे में बंधी तीन बकरियां गायब हैं। आसपास पता किया लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया तो पड़ोसियों ने बताया कि एक अज्ञात वैन घर के बाहर खड़ी थी। जयरानी का आरोप है कि उसे पूरा शक है कि वैन से आए अज्ञात चोरों ने ही उसकी तीन बकरियां चोरी कर फरार हो गए हैं। फिलहाल पुलिस पीड़ित महिला की तहरीर पर जांच शुरू कर दी है। दिन दहाड़े बकरियां चोरी हो जाना पुलिस के लिए यह बड़ी चुनौती है, एक दर्जन से अधिक इससे पूर्व की चोरियों का कोई खुलासा नहीं कर सकी है, दिन दहाड़े वैन में लादकर इस तरह से बकरियों को चोरी कर ले जाने से ग्रामीण भयभीत हैं।




