August 8, 2026 2:56 am

मलिहाबाद: लापता युवक का बाग में पेड़ से लटका मिला शव, परिवार में कोहराम

रहीमाबाद, लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के थाना रहीमाबाद क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दिलावर नगर में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 20 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में आम के बाग में पेड़ से लटका हुआ पाया गया। मृतक की पहचान फरहान (20) पुत्र समसुद्दीन के रूप में हुई है।

गुरुवार शाम से लापता था युवक

परिजनों के अनुसार, फरहान गुरुवार शाम करीब 7:00 बजे तक गांव में ही देखा गया था, लेकिन उसके बाद वह अचानक लापता हो गया। देर रात तक घर वापस न आने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण शौच के लिए गांव से बाहर गए, तो उन्होंने नसीम के बाग में एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा।

मौके पर जुटी भीड़, पुलिस ने शुरू की जांच

शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची रहीमाबाद पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा और कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए लखनऊ भेज दिया है।

मां का साया पहले ही उठ चुका था, अब भाई की मौत से टूटा परिवार

घटना के बाद से मृतक के पिता समसुद्दीन और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि फरहान की मां की मृत्यु 15 वर्ष पहले ही हो चुकी थी। परिवार में फरहान सबसे बड़ा था, उससे छोटे भाई-बहनों में साजिया (18), रुकैया (12), शादाब (12) और सुफियान (13) हैं। थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!