मलिहाबाद लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के थाना रहीमाबाद क्षेत्र में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ करने व धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
शुक्रवार को पिता ने रहीमाबाद थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी करीब 14 वर्षीय लड़की के साथ दो युवकों ने झाड़ियों में ले जाकर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और धक्का देकर मौके से फरार हो गए।
इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन और मुखबिर की सूचना के आधार पर 21 मार्च को पुलिस टीम ने रहीमाबाद हरदोई लखनऊ हाईवे पर जालामऊ अंडरपास के पास से दोनों युवको को गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग किशोरी को भी परिजनों ने बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उदयवीर रावत (25 वर्ष) और सरवन पाल (24 वर्ष) निवासी ग्राम नसीरपुर निमैचा थाना औरास, जनपद उन्नाव के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। और किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।




