August 8, 2026 3:57 am

औरास: करौदीं गाँव में टूटे बिजली के खंभों से दहशत का माहौल

औरास,उन्नाव। (संवाददाता) जनपद के औरास विकास खंड अंतर्गत ग्राम करौदीं में विद्युत विभाग की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ गाँव के मुख्य रास्तों और रिहाइशी इलाकों में लगे बिजली के पोल पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं, जिससे ग्रामीणों के बीच भय का माहौल है। हालात इतने बदतर हैं कि खंभों का कंक्रीट झड़ चुका है और उनके अंदर लगी लोहे की जंग खाई छड़ें साफ दिखाई दे रही हैं।

खतरनाक स्थिति में बिजली के पोल

स्थानीय ग्रामीणों द्वारा साझा की गई जानकारी और तस्वीरों के अनुसार, कई बिजली के खंभे बीच से फट चुके हैं। स्थिति यह है कि कई पोल झुककर केवल तारों के खिंचाव के सहारे टिके हुए हैं। तेज़ हवा या मामूली बारिश होने पर इन खंभों के कभी भी गिरने की आशंका बनी रहती है, जो एक बड़ी तबाही का संकेत है।

हादसे को न्योता देता बिजली विभाग

गाँव के मुख्य रास्तों पर स्थित होने के कारण इन खंभों के नीचे से रोज़ाना सैकड़ों लोग, बच्चे और मवेशी गुज़रते हैं। पास में ही घनी बस्ती और दुकानें हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि विभाग किसी बड़ी अनहोनी के बाद ही नींद से जागेगा।

ग्रामीणों में गहरा रोष, तत्काल कार्रवाई की मांग

गाँव के सामाजिक कार्यकर्ताओं और किसान नेताओं ने शासन-प्रशासन से इन जर्जर खंभों को तत्काल बदलकर नए पोल लगाने की मांग की है।

“ये खंभे कभी भी गिर सकते हैं। लोहे की छड़ें बाहर आने से बरसात के मौसम में करंट उतरने का भी बड़ा खतरा है। क्या विभाग किसी की जान जाने के बाद ही सुध लेगा?”— सर्वेश पाल (सामाजिक कार्यकर्ता), रामजीवन कनौजिया उर्फ छोटक्के, रोहित कुमार कनौजिया (किसान नेता) व अजीत सिंह शर्मा स्थानीय नागरिक।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!