August 8, 2026 3:40 am

​उन्नाव: औरास में ‘मिशन शक्ति’ के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

औरास, उन्नाव। (संवाददाता) पुलिस अधीक्षक उन्नाव के कुशल निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत बुधवार को औरास थाना क्षेत्र के ग्राम सरौद में एंटी रोमियो टीम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिला आरक्षियों ने ग्रामीण महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सरकार द्वारा संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।

हेल्पलाइन नंबरों की दी विस्तृत जानकारी

अभियान के दौरान महिला कांस्टेबल अंजना और आरती राजभर ने बालिकाओं को आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी विषम परिस्थिति में महिला पावर लाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, और आपातकालीन सेवा 112 का उपयोग निडर होकर करें। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 108 व 102 तथा अन्य महत्वपूर्ण नंबरों 101, 103 और 181 के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

सरकारी योजनाओं के प्रति किया सजग

टीम ने महिलाओं को केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वपूर्ण योजनाओं जैसे— मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सुकन्या सुमंगला योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के बारे में जानकारी दी। पुलिस टीम ने बालिकाओं को इन योजनाओं से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए ताकि वे इनका लाभ उठा सकें।

साइबर अपराध से बचाव की अपील

जागरूकता अभियान के दौरान एंटी रोमियो टीम ने वर्तमान में बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति भी सचेत किया। टीम ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और आश्वस्त किया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। इस दौरान गांव की बड़ी संख्या में महिलाएं व बालिकाएं उपस्थित रहीं।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!