August 8, 2026 3:56 am

दुबग्गा: नाबालिग किशोरी का अपहरण, आरोपी गाजियाबाद से गिरफ्तार 

ए अहमद सौदागर लखनऊ । दुबग्गा क्षेत्र में बीते वर्ष नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी को गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके से गिरफ्तार किया है।

18 सितंबर 2025 को दुबग्गा थाने में एक व्यक्ति ने अपनी 14 वर्षीय बहन के अचानक घर से लापता होने की सूचना दी थी। इस पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर जांच तेज कर दी।

विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर उन्नाव जनपद के हसनगंज थाना क्षेत्र स्थित चकसहरी गांव निवासी गोविन्द (24) का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी और तकनीकी सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 26 मार्च 2026 को शाम करीब 6:10 बजे गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे लखनऊ लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए अदालत में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

इस कार्रवाई में दुबग्गा थाने की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!