August 8, 2026 3:57 am

कालीचरण पीजी कॉलेज के सात दिवसीय एनएलएस शिविर का समापन; समाज सेवा और जागरूकता से निखरे स्वयंसेवक

लखनऊ। (संवाददाता) कालीचरण पी. जी. कॉलेज, लखनऊ की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा मोहान रोड स्थित ग्राम तेज किशन खेड़ा एवं इब्राहिमगंज में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। यह शिविर 23 से 29 मार्च 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने समाज सेवा एवं जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाई। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान, श्रमदान, रैली, जनसंपर्क एवं ग्राम सर्वेक्षण जैसी गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करने का कार्य किया। इसके साथ ही मतदाता जागरूकता, डिजिटल साक्षरता, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, सड़क सुरक्षा, डिजिटल फ्रॉड, मिशन शक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आयोजित व्याख्यानों एवं संगोष्ठियों में भाग लेकर अपने ज्ञान और व्यक्तित्व का विकास किया।

शिविर के आखिरी दिन समापन दिवस की शुरुआत भी प्रत्येक दिन की तरह व्यायाम और प्रार्थना से हुई ल। इसके पश्चात स्वयंसेवकों ने गांव के पंचायत भवन परिसर की विधिवत साफ-सफाई की तथा समूहों में विभाजित होकर गांव में सर्वेक्षण करते हुए ग्रामीणों को भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की।

भोजन के बाद समापन समारोह आयोजित किया जिसमें ग्राम प्रधान सहित कुछ स्थानीय ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसी समापन कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अलका द्विवेदी ने सभी प्रतिभागियों, ग्रामवासियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा महाविद्यालय के प्रबंधक श्री ई. वी. के. मिश्रा एवं प्राचार्य प्रो. चंद्र मोहन उपाध्याय के मार्गदर्शन हेतु विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। शिविर का सफल आयोजन सभी कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. अलका द्विवेदी, डॉ. मुकेश कुमार मिश्रा, डॉ. राजकुमार सिंह एवं डॉ. शिव कुमार के कुशल नेतृत्व एवं समन्वय से यह कार्यक्रम प्रभावी रूप से संपन्न हुआ।

यह सात दिवसीय शिविर स्वयंसेवकों के लिए एक प्रेरणादायी अनुभव सिद्ध हुआ, जिसने उनमें सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नेतृत्व कौशल को और अधिक सुदृढ़ किया।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!