August 8, 2026 2:56 am

उन्नाव: टिकरा समद गांव में बंदरों का खौफ, आधा दर्जन ग्रामीणों को काटा, मचा हड़कंप

औरास। (संवाददाता) उन्नाव जनपद के थाना औरास अंतर्गत ग्राम टिकरा समद में पिछले काफी समय से बंदरों के आतंक ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। स्थिति यह है कि बंदरों के डर से लोग अपने खेतों पर जाने से कतरा रहे हैं और बच्चे स्कूल जाने तक से डर रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, बंदरों ने पहले ही रबी की फसल को तहस-नहस कर भारी नुकसान पहुंचाया है। अब जबकि आम के पेड़ों पर बौर के बाद छोटे-छोटे फल (अमियां) आने लगे हैं, बंदर उन्हें नोच-खोज कर पूरी तरह नष्ट कर रहे हैं। इससे किसानों की साल भर की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।

बंदरों का आतंक इतना बढ़ गया है कि वे अब इंसानों पर जानलेवा हमले कर रहे हैं। गांव के बाहर शौच के लिए जाने वाले लोगों को बंदर दौड़ा-दौड़ा कर काट रहे हैं। अब तक मुन्ना, हरिचंद, संजय, जोधी रावत और रामऔतार सहित करीब आधा दर्जन लोग बंदरों के हमले में गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं, जिनका निजी स्तर पर इलाज चल रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 8 महीने पहले वन विभाग को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अधिकारियों और कर्मचारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। विभाग की इसी लापरवाही के कारण गांव के बच्चे घरों में कैद होने को मजबूर हैं।

समस्या से त्रस्त होकर महेश चौरसिया, सरजू प्रसाद, सूबेदार सिंह, गुड्डू मौर्य, मकरंद मौर्या, गिरजा शंकर, भैया लाल, त्रिपुरारी पंडित, विनीत, जंगली धोबी, चंदू, महेंद्र सिंह और सतीश सहित दर्जनों ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग की टीम को निर्देशित कर जल्द से जल्द इन बंदरों को पकड़वाया जाए ताकि गांव में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!