मुखबिर की सूचना पर प्रयागराज जिले के शिवकुटी क्षेत्र से दबोचा
ए अहमद सौदागर लखनऊ। गायों को चुराकर उनका वध कर सिर नदी फेंककर करीब तीन महीने से फरार चल रहे पचास हजार के इनामी गो-तस्कर मोहम्मद इब्राहिम को यूपी एसटीएफ टीम ने मंगलवार को प्रयागराज जिले के शिवकुटी थाना क्षेत्र स्थित आजाद मार्केट के पास से गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस मामले में एसटीएफ और पुलिस ने इसके अन्य साथियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है, जबकि इब्राहिम फरार हो गया था। पुलिस के आलाधिकारियों ने इब्राहिम की गिरफ्तारी के लिए पचास हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद इब्राहिम प्रयागराज जिले के पूरा मुफ्ती थाना क्षेत्र स्थित अहमदपुर असरौली हटवा गांव का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि बीते 16 जनवरी 2026 को अपने साथियों के साथ मिलकर बरसडा से प्रतिबंधित जानवर (गाय) चुराकर उनका वध कर सिर नदी में फेंकने के बाद मांस उठा ले गया था। इस संबंध में प्रयागराज जिले के देल्हूपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसटीएफ के मुताबिक इस मामले में इससे पहले कुछ लोगों एसटीएफ और पुलिस ने सलाखों के पीछे भेजा था, लेकिन कुख्यात गो-तस्कर मोहम्मद इब्राहिम फरार चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस के आलाधिकारियों ने पचास हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। एसटीएफ टीम ने मंगलवार को फरार चल रहे इनामी गो-तस्कर मोहम्मद इब्राहिम को प्रयागराज जिले के शिवकुटी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ मामले की छानबीन कर रही है।




