90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी ‘विकास वंचित इंसान पार्टी’
लखनऊ। (संवाददाता) उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात बिछने लगी है। इसी क्रम में निषाद समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी और हक की लड़ाई को धार देने के लिए ‘विकास वंचित इंसान पार्टी’ (VVIP) ने बड़ा बिगुल फूंक दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप निषाद, जिन्हें “हेलीकॉप्टर बाबा” के नाम से भी जाना जाता है, ने एक प्रेस वार्ता के दौरान आगामी चुनावों के लिए अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदीप निषाद ने घोषणा की कि विकास वंचित इंसान पार्टी उत्तर प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि पूर्वांचल में उनकी पार्टी भाजपा, सपा और कांग्रेस जैसी स्थापित पार्टियों को कड़ी टक्कर देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
प्रदीप निषाद ने प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद पर निशाना साधते हुए कहा कि वे सत्ता में रहकर भी समाज का भला करने में विफल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री पद का उपयोग केवल अपने परिवार को आगे बढ़ाने के लिए किया जा रहा है, जबकि निषाद समाज उपेक्षित बना हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब समाज के लोग किसी अन्य दल के बहकावे में नहीं आएंगे और पूरी तरह एकजुट होकर अपनी पार्टी का समर्थन करेंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अक्सर निषाद समाज के कंधों पर सवार होकर लोग विधायक और मंत्री बनते हैं, लेकिन बाद में भाजपा, सपा या बसपा में शामिल होकर समाज को भूल जाते हैं। ऐसे नेताओं को अब समाज सबक सिखाने के लिए तैयार है।
कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष और हाई कोर्ट की अधिवक्ता निहारिका पुरी ने कहा कि यह पार्टी केवल एक दल नहीं, बल्कि वंचित और पिछड़ों का आंदोलन है। उन्होंने दो टूक कहा कि जो लोग समाज के नाम पर अपना राजनीतिक लाभ उठाएंगे और बाद में धोखा देंगे, उन्हें समाज से पूरी तरह बेदखल कर दिया जाएगा।
संगठन में बड़े चेहरे रहे मौजूद प्रेस वार्ता में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से आशीष दुबे: राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निहारिका पुरी: प्रदेश अध्यक्ष (महिला प्रकोष्ठ) राकेश कश्यप: मंडल अध्यक्ष (बरेली)सूर्यकांत निषाद: मंडल अध्यक्ष (गोरखपुर) उपस्थित रहें। साथ ही महाराजगंज, मिर्जापुर, संत कबीर नगर, उन्नाव और प्रयागराज के जिला अध्यक्षों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और निषाद समाज के अधिकारों के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया।





