April 22, 2026 1:58 am

औरास: मुसलावा गांव में ‘मौत का जाल’ बना खुला ट्रांसफार्मर, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

उन्नाव औरास। (संवाददाता) विकास खंड औरास के अंतर्गत आने वाले हाजीपुर गोसा पावर हाउस क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुसलावा से बिजली विभाग की एक बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। गाँव के बीचों-बीच रखा एक विद्युत ट्रांसफार्मर पिछले काफी समय से बिना किसी जाली (फेन्सिंग) के खुला पड़ा है, जो स्थानीय निवासियों और मासूम बच्चों के लिए सीधा खतरा बना हुआ है।

हादसे को दे रहा है न्योता

ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर के चारों ओर सुरक्षा जाली न होने के कारण वहां हर वक्त खतरे की घंटी बजती रहती है। चूँकि यह ट्रांसफार्मर आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है, इसलिए यहाँ छोटे बच्चों का खेलना-कूदना लगा रहता है। किसी भी समय कोई बच्चा या पालतू जानवर इसकी चपेट में आ सकता है। क्योंकि ट्रांसफार्मर पूरी तरह खुला है, जिससे हाई-वोल्टेज तारों की पहुंच आसान है। खेल-खेल में बच्चे अक्सर ट्रांसफार्मर के करीब पहुंच जाते हैं।

स्थानीय स्तर पर सूचना देने के बावजूद अब तक विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

हम हर वक्त डर के साये में रहते हैं। बिजली विभाग किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रहा है क्या? अगर समय रहते जाली नहीं लगाई गई, तो कोई भी अनहोनी हो सकती है।

ग्रामीणों ने की जल्द कार्रवाई की मांग

मुसलावा के ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों और औरास बिजली विभाग से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए तत्काल इस ट्रांसफार्मर की घेराबंदी कराई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे विरोध प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।

56
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!