June 6, 2026 12:52 pm

यूपी में जनआंदोलन बनेगा वृक्षारोपण अभियान; ग्राम्य विकास विभाग को 11.25 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य

वृक्षारोपण अभियान-2026-27 को जनआंदोलन बनाएं – केशव प्रसाद मौर्य

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में संचालित होने वाले वृहद वृक्षारोपण अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया है। उन्होंने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को पूरी प्रतिबद्धता, योजनाबद्ध रणनीति और व्यापक जनसहयोग के साथ संचालित किया जाए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गत वर्ष ग्राम्य विकास विभाग ने वृक्षारोपण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की थीं तथा अधिकांश जनपदों ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधरोपण कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष भी विभाग निर्धारित लक्ष्य से अधिक गुणवत्तापूर्ण वृक्षारोपण कर नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।

श्री मौर्य ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में ग्राम्य विकास विभाग को 11.25 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इस लक्ष्य को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए सभी जनपदों में अभी से आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत में वृक्षारोपण हेतु माइक्रोप्लान तैयार करने तथा ग्रामवासियों के बीच पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर गोष्ठियों एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने “वृक्षमाला नदीतट संरक्षण अभियान” को विशेष प्राथमिकता देते हुए नदियों के किनारे बांस रोपण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना तथा अन्य आवासीय योजनाओं के लाभार्थियों से दो-दो सहजन के पौधे अनिवार्य रूप से लगवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

श्री मौर्य ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा एवं जीवितता सुनिश्चित करना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। इसके लिए बायोफेंसिंग, सुरक्षा खाई निर्माण तथा नियमित देखभाल की प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि पौधों को पशुओं एवं अन्य कारणों से होने वाली क्षति से बचाया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि वृक्षारोपण स्थलों का चयन एवं गड्ढों की खुदाई समय से पूरी कर ली जाए, जिससे पौधों की उत्तरजीविता दर बेहतर बनी रहे।

उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत कराए जाने वाले वृक्षारोपण कार्यों में निर्धारित मानकों के अनुरूप रखरखाव एवं अनुरक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सामर्थ्य मैनुअल के प्रावधानों का अक्षरशः पालन करने पर बल दिया।

उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि विगत वर्षों में सामुदायिक एवं व्यक्तिगत भूमि पर किए गए वृक्षारोपण की समीक्षा की जाए। जहां पौधों की क्षति अधिक पाई गई हो, वहां उत्तरदायित्व तय करते हुए सूखे एवं नष्ट पौधों का तत्काल प्रतिस्थापन कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पौधों की खरीद किसी भी परिस्थिति में निजी नर्सरियों से न की जाए तथा पौधों की उपलब्धता वन विभाग के माध्यम से ही सुनिश्चित की जाए।

श्री मौर्य ने कहा कि कुल वृक्षारोपण में कम से कम 20 प्रतिशत फलदार पौधों को शामिल किया जाए तथा पर्याप्त संख्या में सहजन (मोरिंगा) के पौधे लगाए जाएं, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पोषण सुरक्षा, आय संवर्धन और ग्रामीण आजीविका को भी बल मिल सके।

उन्होंने कहा है कि लक्ष्य से अधिक एवं गुणवत्तापूर्ण वृक्षारोपण करने वाले तीन सर्वश्रेष्ठ जनपदों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सर्वाधिक क्षेत्रफल में वृक्षारोपण कराने वाले खंड विकास अधिकारी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

आयुक्त ग्राम्य विकास जी.एस. प्रियदर्शी ने सभी मुख्य विकास अधिकारियों, जिला कार्यक्रम समन्वयकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण अभियान-2026-27 को मिशन मोड में संचालित करते हुए इसे प्रदेशव्यापी जनभागीदारी का सफल अभियान बनाया जाए।

59
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!