August 8, 2026 2:59 am

लुधियाना से घर लौट रहा महोली का युवक मुरादाबाद से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, परिवार में कोहराम

महोली, सीतापुर। कोतवाली महोली क्षेत्र के ग्राम बरातपुर निवासी एक 30 वर्षीय युवक के लुधियाना से घर वापस आते समय रास्ते में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने स्थानीय कोतवाली महोली में लिखित प्रार्थना पत्र देकर पुलिस से बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बरातपुर निवासी श्री रामलोटन का 30 वर्षीय पुत्र अखिलेश कुमार गत 15 जून 2026 को लुधियाना (पंजाब) से अपने घर के लिए रवाना हुआ था। 16 जून की रात्रि लगभग 1:19 बजे अखिलेश ने रास्ते में किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल फोन से अपने पिता को कॉल किया। उसने घबराए हुए स्वर में बताया कि वह मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर है और उसका टिकट लखनऊ तक का है। इसके बाद पीड़ित पिता ने उसे मुरादाबाद में ही उतरकर दूसरी सुरक्षित ट्रेन पकड़कर घर आने की सलाह दी थी।

परिजनों ने बताया कि इस अंतिम बातचीत के बाद से अखिलेश का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है। उसका व्यक्तिगत मोबाइल नंबर (9310291060) भी लगातार स्विच ऑफ (बंद) आ रहा है। युवक की मानसिक स्थिति पूरी तरह स्वस्थ न होने के कारण पूरा परिवार किसी अनहोनी की आशंका से अत्यंत भयभीत और परेशान है। रिश्तेदारों एवं सभी संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन करने के बाद भी जब सफलता नहीं मिली, तो पीड़ित पिता ने थक-हारकर आज 19 जून को थाना कोतवाली महोली में आवश्यक कानूनी कार्यवाही हेतु लिखित तहरीर दी है।

लापता युवक का विवरण:

• नाम: अखिलेश कुमार (उम्र लगभग 30 वर्ष)

• निवासी: ग्राम बरातपुर, थाना महोली, जिला सीतापुर (उ.प्र.)

• स्थिति: मानसिक रूप से अस्वस्थ, पास में कोई बैग, कपड़े या सामान नहीं है।

पीड़ित परिवार ने आम जनता, रेल यात्रियों और प्रबुद्ध नागरिकों से भावुक अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को यह युवक किसी भी रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ट्रेन या अन्य सार्वजनिक स्थान पर दिखाई दे, तो कृपया मानवता के नाते तुरंत नीचे दिए गए संपर्क नंबरों पर सूचित करने की कृपा करें।

सम्पर्क सूत्र:

1. 9026971253

2. 9667970630

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!