हत्या कर शव फेंकें जाने की आंशका, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव की पहचान कराने का किया प्रयास, लेकिन नहीं मिली सफलता
ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी में हत्या कर शव फेंकें जाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। चौक क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शनिवार को उसका शव गोमती नदी में उतराता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। उसकी हत्या किए जाने की आंशका जताई जा रही है। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाकर आसपास के लोगों को बुलाकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। पुलिस का कहना है जांच-पड़ताल की गई तो शरीर पर कोई जाहिरा चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि मौत कैसे हुई है।
चौक क्षेत्र के बुद्ध पार्क के पीछे गोमती नदी में शनिवार को एक करीब 35 वर्षीय महिला का शव उतराता देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर चौक दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। इंस्पेक्टर के मुताबिक महिला की उम्र 35 वर्ष के करीब लग रही है और नदी में तेज बहाव के साथ शव किनारे आकर रुक गया था। उन्होंने बताया कि मृतका के शरीर लाल रंग के कपड़े थे। बताया जा रहा है कि इस मृतका के बाएं हाथ पर अंग्रेजी में SONAM एवं LOVE Ma लिखा था, जबकि टैटू बना मिला। पुलिस के मुताबिक आसपास के लोगों को बुलाकर शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। पुलिस का कहना है कि मृतका की हुलिया आसपास के जिलों के थानों पर दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।




