August 8, 2026 3:00 am

ज्येष्ठ का आठवां बड़ा मंगल: मलिहाबाद में श्रद्धा और उल्लास के साथ भंडारे का आयोजन, राहगीरों को पिलाया मीठा शरबत

मलिहाबाद, लखनऊ। (संवाददाता) ज्येष्ठ के आठवें बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर राजधानी लखनऊ और उसके ग्रामीण इलाकों में श्रद्धा और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह से लेकर शाम तक पूरा क्षेत्र बजरंगबली के जयकारों से गुंजायमान रहा। इस अवसर पर मंदिरों और चौराहों पर विशेष पूजा-अर्चना की गई, हनुमान चालीसा का पाठ हुआ और भव्य भंडारों का आयोजन किया गया।

थाना प्रभारी और एसडीएम के नेतृत्व में लगा भंडारा

मलिहाबाद थाने के बगल में स्थित मंदिर पर मलिहाबाद के थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार भाटी एवं उप जिलाधिकारी (SDM) अंकित कुमार मौर्य के नेतृत्व में एक भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में हनुमान जी को लड्डुओं का भोग लगाया गया और सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इसके बाद अधिकारियों व सेवादारों ने आने-जाने वाले राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित किया और भीषण गर्मी को देखते हुए ठंडा पानी पिलाया।

मलिहाबाद के साथ-साथ लखनऊ-हरदोई राजमार्ग और विभिन्न अंदरूनी मार्गों पर भी भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था। क्षेत्र के कई प्रमुख स्थानों पर स्टॉल लगाकर भंडारे आयोजित किए गए मां खेड़ा के निकट (लखनऊ-हरदोई राजमार्ग), शेर नगर और महमूद नगर, पाठकगंज और मोहन रोड, दुलार मऊ और गोला चौराहा (बराट करियर विद्यालय के पास), माल रोड और गहदो रोड

श्रद्धालुओं को बांटा कढ़ी-चावल, पूड़ी-सब्जी और मीठा शरबत

भंडारे में बजरंगबली को लड्डू, पूड़ी-सब्जी, छोला, कढ़ी-चावल और मीठी बूंदी का भोग लगाया गया। इसके बाद सुबह से ही पंडालों में राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तपती गर्मी से राहत दिलाने के लिए भक्तों को ठंडे पानी के साथ-साथ मीठा शरबत भी पिलाया गया।

भक्ति और सेवा का यह सिलसिला सुबह से शुरू होकर देर शाम तक अनवरत चलता रहा।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!