August 8, 2026 2:55 am

गोसाईगंज: सर्राफा कारोबारी को बदमाशों ने पैर में मारी गोली, जेवरात से भरा बैग लूट कर फरार 

कस्बे से कुछ दूरी पर हुई घटना का मामला, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी में बेखौफ लुटेरों का आतंक थम नहीं रहा है। गोसाईगंज थाना क्षेत्र में दुकान बंद कर स्कूटी से घर जा रहे सर्राफा कारोबारी सचिन वर्मा को रास्ते में ओवरटेक कर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर गोली मारकर जख्मी कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश जेवरों से भरा पिट्ठू बैग लूट कर भाग निकले। सरे शाम हुई लूट होने की खबर मिलते ही पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद सहित कई पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और लुटेरों की तलाश में नाकेबंदी की, लेकिन लुटेरे हाथ नहीं लग सके। पैर में गोली लगने से कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद के मुताबिक बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें लगा दी गईं हैं और उम्मीद है कि जल्द ही पकड़ लिए जाएंगे। पुलिस पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज मामले की छानबीन कर रही है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद के मुताबिक सचिन वर्मा की गोसाईगंज क्षेत्र में सोने-चांदी की दुकान है। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह दुकान बंद कर स्कूटी से घर जा रहे थे कि रास्ते में असलहों से लैस बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया और जेवरात से भरा बैग लूटने लगे। बताया जा रहा है विरोध करने पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग झोंकनी शुरू कर दी। इस दौरान पैर में गोली लगने से सचिन वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। लुटेरे जेवरात से भरा बैग लूट कर भाग निकले।

इसके बाद की कहानी वही है जो हमेशा से होती आई है। आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच के लिए टीमें बना दीं। अफसरों का फरमान जारी होते ही लुटेरों की खोज में क्षेत्र में नाकेबंदी की, लेकिन हाथ कुछ नहीं लगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!