हजारों का सामान जल कर राख, सेमरा के पास कोल्ड स्टोरेज में हुआ हादसा
दमकल की दस गाडियां लगीं आग बुझाने में, काफी मशक्कत के बाद बुझाई गई आग
धुएं का गुब्बार देख इलाके में फैली सनसनी, घंटे भर तक मची रही अफरातफरी
ए अहमद सौदागर लखनऊ। सात दिन पहले अलीगंज क्षेत्र में तीन मंजिला इमारत में लगी आग और इसकी चपेट में आकर 15 बच्चों की हुई मौत का मामला शांत भी नहीं पड़ा था कि अब चिनहट इलाके के एक कोल्डस्टोरेज में रविवार सुबह आग लग गई। आग लगने से गोदाम में रखे सामान जल कर राख हो गया। दमकल की दस गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस और फायर ब्रिगेड मामले की छानबीन कर रही है।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक चिनहट के अयोध्या रोड पर राहुल जायसवाल की हिमालयन नाम से कोल्ड स्टोरेज है। कोल्ड स्टोरेज में रविवार सुबह करीब आठ बजे आग लग गई। आग लगते ही कोल्ड स्टोरेज और आसपास में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। पुलिस और दमकल कर्मियों ने आग बुझाना शुरू किया। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया और पूरे कोल्ड स्टोरेज आग की लपटों से घिर गया। फायर की दस गाडियां मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि कोल्ड स्टोरेज में रखा हजारों का सामान जल कर राख हो गया। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि अभी आग लगने के कारणों का सही पता नहीं चल सका। प्राथमिक छानबीन में यही सामने आया है कि आग गोदाम में लगे बिजली तार से निकली चिंगारी से लगी है।
चार घंटे तक मची रही अफरातफरी
कोल्ड स्टोरेज में आग लगने से करीब चार घंटे तक वहां अफरातफरी का माहौल रहा। बताया जा रहा है कि आग की लपट इतनी तेज थी कि धुआं दूर तलक दिखाई दे रहा था और लपटें मानों जानलेवा जैसी बनी हुई थी, लेकिन पुलिस तथा दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग लगने की खबर मिलते ही डीसीपी पूर्वी डॉ दीक्षा शर्मा, एडीसीपी व एसीपी विभूतिखंड सौम्या पांडेय सहित कई पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की गहनता से छानबीन शुरू की।




