August 8, 2026 2:55 am

विकासनगर-चिनहट: जूता-चप्पल व बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल पर लगी भीषण आग 

पुलिस और दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन बचाया सभी की जान

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। भीषण गर्मी के बीच आग लगने का सिलसिला थम नहीं रहा है। हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में लगी आग ठंडी भी नहीं हो पाई थी कि पूर्वी जोन के दो थाना क्षेत्रों में सोमवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। चिनहट क्षेत्र के सतरिख रोड पर नंदी विहार कॉलोनी के पास स्टे होम अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर सोमवार को भीषण आग लग गई, जबकि विकासनगर इलाके में एक जूता-चप्पल की दुकान में आग लगने से दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस दमकल कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि इससे पहले हजारों रूपयों का सामान जल कर राख हो गया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।

चिनहट क्षेत्र के सतरिख रोड पर फै हाइट्स नंदी विहार कॉलोनी के पास स्टे होम अपार्टमेंट के मालिक तौकीर सिद्दीकी हैं। सोमवार को बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल पर आग लगने से हड़कंप मच और चारों ओर चीख-पुकार शुरू हो गई। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक आग लगने की खबर मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और और आधे घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा का कहना है कि बिल्डिंग मालिक तौकीर सिद्दीकी जो स्टे होम/आफिस के रूप में इस्तेमाल करते हैं। वारदात के समय उक्त फ्लोर पर तीन लोग ठहरे थे, जिन्हें सकुशल बचा लिया गया। बताया जा रहा है आग की चपेट में आकर गृहस्थी जलकर राख हो गई। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।

इसके अलावा विकासनगर थाना क्षेत्र के महावीर इंटर कॉलेज के सामने स्थित बनी मार्केट में जूता-चप्पल की दुकान में आग लग गई। तेज लपट और धुएं का गुब्बार करीब एक किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची इंदिरा नगर, हजरतगंज व बीकेटी की दमकल गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस ने समय रहते आसपास में रहने वाले लोगों के मकानों तक आग की लपट जाती कि फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मकानों तक आग फैलने से रोक लिया।

खबर मिलते ही डीसीपी पूर्वी डॉ दीक्षा शर्मा सहित कई पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस के मुताबिक जांच पड़ताल में सामने आया है कि मार्केट के ग्राउंड फ्लोर एवं प्रथम तल पर मोहम्मद समीर एवं मोहम्मद हसीन की जूता-चप्पल की दुकान है और दुकान के पीछे रिहायशी मकान भी बने हैं। पुलिस और दमकल कर्मियों ने आनन-फानन में पास में बने मकानों में रखे ज्वलनशील सामानों को सुरक्षित बाहर निकलवाया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!