August 8, 2026 3:05 am

आर्थिक लाभ और शौक पूरी करने के लिए बनाते थे बंद घरों को निशाना दो गिरफ्तार

भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात व सिक्के बरामद 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। आर्थिक लाभ और शौक पूरी करने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में बंद घरों में धावा बोलकर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा कर इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी कुमार मिश्र की टीम ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के गहने व सिक्के बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह में कितने लोग और शामिल हैं इसके बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है।

एडीसीपी पूर्वी अमोल मुरकुट ने बताया कि बीते 28 जून 2026 को गुडंबा क्षेत्र के प्लाट नंबर 2B मोहम्मदपुर खत्री कल्याणपुर निवासी प्रशांत मणि त्रिपाठी द्वारा बंद घर में चोरी होने की रिपोर्ट गुडंबा थाने में दर्ज कराई गई थी।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी कुमार मिश्र की टीम में शामिल उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सौरभ नेहवाल, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार व कांस्टेबल प्रदीप सोनकर ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर कुकरैल जंगल के पास से गिरफ्तार कर लिया है।

एडीसीपी पूर्वी अमोल मुरकुट के मुताबिक पकड़े गए दोनों आरोपितों ने पूछताछ में अपना नाम बाराबंकी जिले के बड्डूपुर थाना क्षेत्र स्थित भंडार गांव व हाल पता गुडंबा क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय मयंक वर्मा पुत्र बाल गोविन्द वर्मा व गुडंबा थाना क्षेत्र के कंचना विहारी मार्ग कल्याणपुर निवासी 20 वर्षीय अभिषेक यादव पुत्र महेश यादव बताया। आरोपितों की निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के गहने व कुल 138 रुपए के सिक्के बरामद हुए हैं।

पहले रैकी, फिर बंद घरों में करते थे चोरी

एडीसीपी पूर्वी ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और ये लोग संगठित गिरोह बनाकर पहले बंद मकानों की रैकी करते हैं फिर शाम ढलते ही धावा बोलकर घरों में रखी नकदी व जेवरात लेकर भाग निकलते हैं। एडीसीपी पूर्वी के मुताबिक इस गिरोह में कितने लोग और शामिल हैं इसके बारे में गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!