August 8, 2026 3:43 am

मलिहाबाद का समग्र विकास समय की मांग, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर देना होगा विशेष ध्यान: जगदीश रावत

मलिहाबाद, लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के थाना रहीमाबाद क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-हरदोई राजमार्ग के किनारे गहदो रोड पर स्थित सांस्कृतिक गौरव संस्थान के कार्यालय पर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान राजस्थान के जिलाध्यक्ष (लखनऊ) संतोष सिंह और प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता जगदीश रावत ने मलिहाबाद विधानसभा (168) के विकास को लेकर अपनी बात रखी।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता जगदीश रावत ने कहा कि मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र सिर्फ एक राजनीतिक क्षेत्र नहीं है, बल्कि यह समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, शिक्षा, कृषि कार्य और सामाजिक मूल्यों की विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने क्षेत्र के नेतृत्वकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि:

“क्षेत्र का नेतृत्व करने वालों को जाति, धर्म और वर्ग की राजनीति से ऊपर उठकर, राजनीतिक मतभेदों को भुलाकर समाज को जोड़ने का काम करना चाहिए।”

उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि क्षेत्र की जनता अब केवल जुबानी वादों से संतुष्ट होने वाली नहीं है। अब समय आ गया है जब शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, महिला सशक्तिकरण और मूलभूत सुविधाओं पर धरातल पर ठोस कार्य किया जाए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, सामाजिक संगठनों, मीडिया और आम नागरिकों को मिलकर एक सकारात्मक सोच के साथ आगे आना होगा।

प्रेस वार्ता में मलिहाबाद के विकास के लिए निम्नलिखित प्रमुख मांगें उठाई गईं

शिक्षा व स्वास्थ्य: क्षेत्र में एक उच्च स्तरीय कन्या इंटर कॉलेज और आधुनिक सुविधाओं से लैस सरकारी अस्पताल की तत्काल आवश्यकता है। युवा व कौशल विकास: गुणवत्तापूर्ण विद्यालय, कौशल विकास रोजगार एवं प्रशिक्षण केंद्र और युवाओं के लिए डिजिटल सुविधाओं का विस्तार समय की मांग है। खेल व संस्कृति: क्षेत्र में पुस्तकालय और खेल के मैदानों का निर्माण कराया जाना चाहिए ताकि युवाओं की प्रतिभा को निखारा जा सके। सुरक्षा व सिंचाई: महिला सुरक्षा को मजबूत करने और किसानों के लिए बेहतर सिंचाई व्यवस्था व आधुनिक कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है।

जगदीश रावत ने मलिहाबाद की वैश्विक पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि मलिहाबाद अपने उत्कृष्ट आम उत्पादन के लिए पूरे देश-प्रदेश में प्रसिद्ध है। लेकिन केवल पारंपरिक रूप से आम बेचने से किसानों का अपेक्षित विकास संभव नहीं है।

यदि मलिहाबाद में मैंगो प्रोसेसिंग यूनिट्स स्थापित की जाएं—जिसमें आम से जूस, अचार, जैम, स्कैश और कैंडी जैसे मूल्य-वर्धित (Value-added) उत्पाद तैयार हों—तो इससे स्थानीय युवाओं और महिलाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने आम उत्पादकों के हित में निर्यात प्रोत्साहन, पके आमों के संरक्षण के लिए विशेष इकाइयों और बेहतर विपणन सुविधाओं के विस्तार की भी पुरजोर मांग की।

अपने राजनैतिक व सामाजिक सफर के बारे में बताते हुए जगदीश रावत ने कहा कि वे मलिहाबाद विधानसभा से वर्ष 2017 और 2022 में विधायक पद के प्रत्याशी रह चुके हैं। वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विकासोन्मुखी और जनकल्याणकारी विचारधारा से बेहद प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें जब भी समय मिलता है, वे शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों के हित, युवाओं के रोजगार और सामाजिक समरसता जैसे जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहते हैं। उनका मानना है कि संवाद हमेशा विकासोन्मुखी होना चाहिए, जो किसी के व्यक्तिगत हित के लिए नहीं बल्कि आम जनता की भलाई और सुविधाओं के लिए हो।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!