सात नामजद आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर
घर से बुलाकर अखिलेश रावत ने साथियों संग मिलकर अभिषेक रावत को उतारा था मौत के घाट
सरथुवा गांव में हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र के सरथुवा गांव में शुक्रवार दोपहर बाद करीब चार बजे जगत खेड़ा मजरा कल्ली पश्चिम गांव निवासी 27 शटरिंग मिस्त्री अभिषेक रावत की हत्या में नामजद मुख्य आरोपी पीजीआई के ईश्वरी खेड़ा गांव निवासी 38 वर्षीय अखिलेश रावत को इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेन्द्र कुमार सिंह की टीम ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि इस घटना में शामिल नामजद आरोपी ईश्वरी खेड़ा गांव निवासी अमन रावत, राधे सरकार उर्फ़ अभिषेक, अरूण रावत, अपिन लोधी, सचिन रावत, शिवम चटियार, नरपत गंज निवासी राजू अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
सनद रहे कि पीजीआई क्षेत्र स्थित सरथुवा गांव में शुक्रवार दोपहर बाद करीब चार बजे पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में ईश्वरी खेड़ा गांव निवासी अखिलेश रावत ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर जगत खेड़ा मजरा कल्ली पश्चिम गांव निवासी 27 वर्षीय शटरिंग मिस्त्री अभिषेक रावत को पीट-पीटकर मौत की नींद सुला दिया था। इस मामले में मृतक की मां पुष्पा उर्फ छवि की तहरीर पर पुलिस ने अखिलेश रावत सहित आठ लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्ला पल्ली वसंथ कुमार ने बताया कि इस मामले में नामजद मुख्य आरोपी अखिलेश रावत को शनिवार को इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेन्द्र कुमार सिंह की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।




