August 8, 2026 4:53 am

अंबेडकरनगर: कई जघन्य वारदात को अंजाम देने वाला इनामी कुख्यात बदमाश मुठभेड़ में ढेर, सिपाही को भी लगी गोली 

दुर्दांत अपराधी आसिफ उर्फ विक्की की गिरफ्तारी के लिए था एक लाख का इनाम 

डकैती व हत्या सहित 21 से अधिक अधिक मुकदमे दर्ज हैं 

एसटीएफ टीम को मौके से 32 बोर की पिस्टल, 12 बोर पौनिया, भारी मात्रा में कारतूस व मोटरसाइकिल बरामद 

आसिफ संगठित गिरोह बनाकर देता था संगीन घटनाओं को अंजाम 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी के अलग-अलग जिलों के अलावा हरियाणा व राजस्थान राज्य में अपने साथियों के साथ मिलकर लूट, डकैती व हत्या जैसी संगीन घटनाओं को अंजाम देकर फरार चल रहे एक लाख रुपए के इनामी कुख्यात बदमाश आसिफ उर्फ विक्की की मंगलवार सुबह तड़के एसटीएफ टीम के साथ हुई मुठभेड़ में ढेर हो गया। जबकि मौके का फायदा उठाते हुए अन्य बदमाश मौके से भाग निकले। यूपी एसटीएफ के चीफ अमिताभ यश के मुताबिक फरार बदमाशों की तलाश में टीम उनकी गर्दन तक पहुंचने के लिए दबिश दे रही है।

उन्होंने बताया कि खूनी खेल खेलने वाला कुख्यात बदमाश आसिफ उर्फ विक्की कानपुर नगर जिले के बिल्हौर थाना क्षेत्र स्थित मकनपुर का रहने वाला था और इसकी गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपए का इनाम घोषित था। एसटीएफ टीम को मौके से 32 बोर की पिस्टल, 12 बोर की पौनिया, भारी मात्रा में कारतूस व मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

नोएडा यूनिट की एसटीएफ टीम के मुताबिक मंगलवार सुबह तड़के मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि कुख्यात बदमाश आसिफ उर्फ विक्की अपने साथियों के साथ मिलकर अंबेडकरनगर जिले के बिवाना थाना क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में मंडरा रहा है। इस सूचना पर एसटीएफ की टीम स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर घेरेबंदी कर उसे दबोचने का प्रयास किया। एसटीएफ और पुलिस टीम से घिरता देख कुख्यात बदमाशों ने टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग झोंकनी शुरू कर दी। एसटीएफ टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाश गोली लगने से जख्मी हो गया। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी बदमाश की गोली लगने से घायल हो गए। एसटीएफ टीम आनन-फानन में घायल बदमाश को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। एसटीएफ के चीफ अमिताभ यश के मुताबिक मुठभेड़ में ढेर हुए बदमाश की पहचान कानपुर नगर जिले के बिल्हौर थाना क्षेत्र स्थित मकनपुर निवासी आसिफ उर्फ विक्की छैमार पुत्र बाबू उर्फ मजहर के रूप में हुई। एसटीएफ टीम को मौके से एक 32 बोर की पिस्टल, 12 बोर की पौनिया, भारी मात्रा में कारतूस व मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

मुठभेड़ में मारे गए कुख्यात बदमाश आसिफ के आपराधिक इतिहास पर एक नजर,

एसटीएफ टीम के मुताबिक मुठभेड़ में ढेर हुआ आसिफ उर्फ विक्की खूंखार किस्म का अपराधी था और वह साथियों के साथ मिलकर 19 अक्टूबर 2013 सुल्तानपुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में एक घर में धावा बोलकर हत्या कर डकैती डाली थी।

वर्ष 2014 जौनपुर जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र में डकैती डालने के दौरान विरोध करने पर घर में मौजूद पांच लोगों को धारदार हथियार से वारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिससे स्वाति व सुमन नाम की महिला की मौत हो गई थी।

15 अगस्त 2015 में कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में अवनि कुमार टैगोर के घर धावा बोलकर मात-पिता की डकैती डालने के दौरान मौत की नींद सुला दिया था।

19 अगस्त 2015 में मुजफ्फरनगर जिले के छपार इलाके में एक दर्जन साथियों के साथ महावीर सिंह नामक व्यक्ति के घर डकैती डाली और विरोध करने पर उनकी पुत्रवधू को किसी भारी वस्तु से वारकर घायल कर दिया, जबकि इसी क्षेत्र में पांच अन्य घरों में धावा बोलकर डकैती डाली थी।13 जनवरी 2021 में कानपुर देहात जिले के रसूलाबाद इलाके में एक रेशमा नाम की महिला के पति तासीम को मौत की नींद सुलाने के बाद भाग निकला था।

एसटीएफ के मुताबिक कुख्यात बदमाश आसिफ वर्ष 2013 में सुल्तानपुर जिले में डकैती के दौरान हत्या की, जबकि वर्ष 2014 में जौनपुर जिले में डकैती डालने के दौरान दो लोगों की हत्या की थी। बताया जा रहा है इसके अलावा 2015 में मुजफ्फरनगर जिले में डकैती डालने के मामले में फरार चल रहा था।

एसटीएफ टीम का कहना है कि मुठभेड़ में ढेर हुआ आसिफ उर्फ विक्की छैमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के आलाधिकारियों ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। कुख्यात बदमाश आसिफ दर्जन भर से अधिक घटनाओं को अंजाम देने के बाद फरार चल रहा था, लेकिन मंगलवार को उसका अंबेडकरनगर जिले में अंत हो गया।

पांच जिलों की पुलिस सोती रही और एसटीएफ टीम ने बाजी मार ली

गौर करें तो हत्या, लूट व डकैती जैसी गंभीर घटनाओं को अंजाम देकर कुख्यात बदमाश आसिफ उर्फ विक्की की गर्दन दबोचने के लिए पांच जिलों की पुलिस भले ही दावा ठोक रही थी इनामी बदमाश आसिफ की सरगर्मी से तलाश की जा रही है, लेकिन कड़वा सच यह है साफ है पांच जिलों की स्थानीय पुलिस गहरी नींद में सोती रही और यूपी एसटीएफ की टीम ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर काफी दिनों से आतंक का पर्याय बने कुख्यात बदमाश आसिफ उर्फ विक्की छैमार को ढेर कर स्थानीय पुलिस के दावों की पोल खोल कर रख दी कि पांच जिलों की पुलिस कितनी सक्रिय थी।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!