बंधक बनाकर बीस हजार रुपए कराया ऑनलाइन ट्रांसफर
दो घंटे के भीतर इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह की टीम को मिली सफलता
ए अहमद सौदागर लखनऊ। मूल रूप से जनपद बस्ती निवासी बीबीडी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्र 21 वर्षीय निर्भय वर्मा को अगवा कर घरवालों से फिरौती मांगने वाले चार अपहरणकर्ताओं को इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह की टीम ने मंगलवार को दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर छात्र को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की सराहना करते हुए परिजनों ने जमकर दुआएं दी।
बीबीडी थाने में तैनात अतिरिक्त निरीक्षक के मुताबिक मंगलवार को बस्ती जिले के हरैया थाना क्षेत्र स्थित बरहपुर गांव निवासी राम सुरेश चौधरी ने थाने पर लिखित तहरीर देकर बताया कि उनके 21 वर्षीय भतीजे निर्भय वर्मा उसके साथियों ने अगवा कर उसके मोबाइल के माध्यम से बीस हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिया है और उसे कहीं ले जा रहे हैं। बीबीडी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्र को अपहरण किए जाने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और जल्द छात्र को सकुशल बरामद करने तथा अपहरणकर्ताओं को दबोचने के लिए कहा। पुलिस अफसरों का फरमान जारी होते ही इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह की टीम सक्रिय हुई और दो घंटे के भीतर आनंदी वाटर पार्क के पास से घेरेबंदी कर मौके से चार अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर छात्र को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपितों ने पूछताछ में अपना नाम जनपद प्रतापगढ़ व हाल पता दयाल रेजीडेंसी निवासी नवनीत तिवारी उर्फ गोलू, जनपद बस्ती व हाल पता बीबीडी क्षेत्र निवासी अभय चौधरी, जनपद मऊ व हाल पता दयाल रेजीडेंसी निवासी पीयूष राज व गोरखपुर व हाल पता दयाल रेजीडेंसी निवासी आर्यन सिंह बताया। दो घंटे के भीतर मिली सफलता पर डीसीपी पूर्वी डॉ दीक्षा ने इंस्पेक्टर राम सिंह, उपनिरीक्षक प्रमोद चौधरी, हेड कांस्टेबल हिमांशु कुमार राय, हेड कांस्टेबल रविशंकर सिंह व कांस्टेबल सूरज सिंह को शाबाशी दी। वहीं छात्र निर्भय वर्मा की सकुशल बरामदगी के बाद उसके घरवालों ने भी जमकर इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह व उनके टीम की सराहना की।




