August 8, 2026 3:00 am

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दें- मनोज कुमार पाण्डेय

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के आह्वान पर संचालित “एक पेड़ माँ के नाम” महाअभियान को जन-जन तक पहुँचाने तथा व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने आज जवाहर भवन स्थित मुख्यालय, लखनऊ से प्रदेश के समस्त खाद्य एवं रसद विभाग एवं वन विभाग के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की।

बैठक में प्रदेश के समस्त क्षेत्रीय खाद्य नियंत्रक (आरएफसी), क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएमओ), जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ), जिला खाद्य विपणन अधिकारी (डीएफएमओ) तथा वन विभाग के अधिकारियों ने सहभागिता की। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से जुड़े करोड़ों लाभार्थियों को भी इस महाअभियान से जोड़ते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान एक जन-आंदोलन का रूप ले सके।

मंत्री ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृ सम्मान, प्रकृति संरक्षण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसके संरक्षण और संवर्धन का दायित्व भी निभाए। वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखा जाए।

उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों तथा आम नागरिकों को अभियान से जोड़कर इसे व्यापक जनभागीदारी का उत्सव बनाया जाए। साथ ही विभागीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की सतत निगरानी करते हुए अधिकाधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि खाद्य विभाग के अधिकारी लगाये गये पेड़ की नियमित निगरानी करके उसकी रिपोर्ट 15 दिन में उपलब्ध करायेंगे कि वह पेड़ सुरक्षित और स्वस्थ है।

मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय चुनौतियों का प्रभावी समाधान वृक्षारोपण एवं हरित आवरण बढ़ाने से ही संभव है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी इस अभियान की सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है।

मंत्री ने जानकारी दी कि वे स्वयं जनपद प्रतापगढ़ एवं रायबरेली में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रमों में सहभागिता कर अभियान को गति प्रदान करेंगे तथा आमजन से भी इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करेंगे।

बैठक में वन विभाग के मिशन निदेशक (वृक्षारोपण) राम कुमार, अपर आयुक्त खाद्य एवं रसद कामता प्रसाद, अपर आयुक्त सत्यदेव सहित खाद्य एवं रसद तथा वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसहभागिता बढ़ाने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण के लिए आवश्यक कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

’’एक पेड़ माँ के नाम’’ – माँ के प्रति सम्मान, प्रकृति के प्रति समर्पण और हरित भविष्य के निर्माण का जनसंकल्प।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!