डीजल-पेट्रोल की कालाबाजारी करने वाले गिरोह का राजफाश
चालक सहित चार गिरफ्तार, दो टैंकर सहित भारी मात्रा में अपमिश्रित पेट्रोल-डीजल बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। अमौसी टर्मिनल से विधानसभा मार्ग स्थित शुभम फिलिंग स्टेशन के लिए जा रहे असली टैंकर में नकली पेट्रोल-डीजल भरकर कालाबाजारी करने वाले गिरोह का
राजफाश कर क्राइम ब्रांच ने रविवार को मलिहाबाद क्षेत्र के हरदोई रोड सन्यासी फ्लाईओवर स्थित गुलाब खेड़ा गांव एक मकान में छापेमारी कर मौके से चालक सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक यह लोग अलग-अलग टैंकर चालकों से मिलकर पेट्रोल-डीजल खरीदने के बाद उसमें साल्वेट मिलाकर स्थानीय लोगों को बेचते थे। पुलिस को मौके से दो टैंकर, भारी मात्रा में अपमिश्रित पेट्रोल-डीजल, मास्टर चाबी के अलावा अन्य उपकरण बरामद हुए हैं।
अपर पुलिस उपायुक्त अपराध किरन यादव के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि एक गिरोह है जो पेट्रोल-डीजल में केमिकल मिलाकर कालाबाजारी कर रहा। उन्होंने बताया कि इस सूचना पर उन्होंने कालाबाजारी करने वाले तस्करों की गर्दन तक पहुंचने के लिए क्राइम ब्रांच टीम को लगाया।
बताया जा रहा है स्थानीय पुलिस के सहयोग से क्राइम ब्रांच की टीम उन लोगों की गर्दन दबोचने के लिए अलग-अलग दिशाओं में होमवर्क कर रही थी कि रविवार को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि मलिहाबाद थाना क्षेत्र के हरदोई रोड पर सन्यासी फ्लाईओवर के पास गुलाब खेड़ा गांव स्थित एक मकान से दो टैंकर पेट्रोल-डीजल भरकर हजरतगंज के विधानसभा मार्ग स्थित शुभम फिलिंग स्टेशन की ओर जाने वाले हैं। इस सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई और उक्त मकान में छापेमारी कर मौके से चार लोगों को धरदबोचा।
अपर पुलिस उपायुक्त अपराध किरन यादव के मुताबिक पकड़े गए चारों आरोपितों ने पूछताछ में अपना नाम मलिहाबाद क्षेत्र स्थित कनार गांव निवासी अनिल कुमार पुत्र बाबूलाल, काकोरी निवासी अभिषेक राजपूत पुत्र शत्रोहन प्रसाद, उन्नाव जिले के हसनगंज थाना क्षेत्र स्थित पिलखना निवासी धीरज सिंह पुत्र बाबूलाल सिंह व हरदोई जिले के भानापुर निवासी रामतीरथ पुत्र रावेन्द्र बताया।
पुलिस के मुताबिक पकड़े अनिल कुमार ने पूछताछ में बताया कि वह लोग अलग-अलग टैंकर चालकों से मिलकर पेट्रोल-डीजल खरीदने के उसमें साल्वेट केमिकल मिलाकर स्थानीय ग्राहकों को अधिक कीमत पर बेचते हैं और इस गोरखधंधे में आरोपी अभिषेक व धीरज की अहम भूमिका रहती है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।




