August 8, 2026 3:58 am

चौक: मासूम बच्ची को अगवा करने वाले गिरोह का राजफाश, डॉ सहित पांच अपहरणकर्ता गिरफ्तार 

नेशनल मेडिकल के पास की वारदात, शेर सिंह नाम के शख्स को बच्चा देने का जिम्मा लिया था डॉ श्यामजी 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। चौक थाना क्षेत्र से अट्ठारह महीने की मासूम बच्ची को अगवा करने वाले गिरोह का खुलासा कर इंस्पेक्टर चौक नागेश उपाध्यक्ष की टीम ने बुधवार को सीसीटीवी फुटेज की मदद बाजारखाला क्षेत्र के मालवीय नगर मोड़ के पास से मुख्य आरोपी सहित पांच अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीन दिन पहले गायब हुई मासूम बच्ची को सकुशल बरामद कर घरवालों के सिपुर्द कर दिया था। इस वारदात में शामिल दो आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। इंस्पेक्टर चौक के मुताबिक फरार आरोपितों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस गुड वर्क पर खुश होकर पुलिस उपायुक्त पश्चिमी ने गिरफ्तार करने वाली टीम को 15 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।

इंस्पेक्टर चौक नागेश उपाध्यक्ष ने बताया कि चौक क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति की डेढ़ वर्षीय मासूम बेटी को 13 जुलाई 2026 की देर रात नेशनल मेडिकल के बरामदे के पास से अज्ञात लोगों ने अगवा कर लिया था। उन्होंने बताया कि इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू की गई तो मासूम बच्ची आलमबाग क्षेत्र स्थित मछली मंडी के पास मिली थी, जिसे सकुशल बरामद कर घरवालों को सौंप दिया था।

मासूम बच्ची को कौन लोग अगवा कर ले गए थे पुलिस ने आसपास में लगे 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरे को देखा तो उसमें कुछ संदिग्ध लोग बच्ची को ले जाते दिखाई दिए। पुलिस ने

सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस टीम की मदद से चिन्हित कर बुधवार को पांच अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर चौक के मुताबिक पकड़े गए पांचों आरोपितों ने पूछताछ में अपना नाम बाजारखाला क्षेत्र स्थित मछली मंडी गुलजार नगर निवासी ऋषभ कश्यप पुत्र स्व दिलीप कश्यप, मछली मंडी झोपड़पट्टी बाजारखाला निवासी रोहित पासी उर्फ जादू पुत्र कैलाश पासी, नाका थाना क्षेत्र स्थित मवैया नेहरू नगर निवासी मोहम्मद सुल्तान पुत्र मोहम्मद साबिर, गुलजार नगर बाजारखाला निवासी मोहम्मद इरशाद शाह पुत्र स्व शकील अहमद व काकोरी क्षेत्र स्थित मुजफ्फरनगर चौधरी खेड़ा निवासी श्यामजी यादव पुत्र रामचंद्र यादव बताया।

इंस्पेक्टर का कहना है कि इस गोरखधंधे में लिप्त शेर सिंह व महेश नाम के शख्स फरार हैं जिनकी तलाश में उनकी टीम उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

ऐसे दिया था आरोपितों ने घटना को अंजाम

गिरफ्तार अपहरणकर्ताओं ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि फरार हरदोई निवासी शेर सिंह को एक बच्चे की जरूरत थी जिसकी चर्चा डॉ श्यामजी यादव से की। यह सुनते ही कलयुगी डॉक्टर श्यामजी यादव शेर सिंह को बच्चा देने का जिम्मा लिया और आरोपी मोहम्मद सुल्तान के जरिए एक बच्चा मुहैया कराने की साज़िश रची और 13 जुलाई 2026 की देर रात सुल्तान के इशारे पर गिरफ्तार आरोपितों ने नेशनल मेडिकल के बरामदे से मासूम बच्ची को अगवा कर डॉक्टर श्यामजी यादव के पास लेकर पहुंचे तो वहां पर मौजूद शेर सिंह ने बच्ची की अधिक उम्र बताते हुए लेने से इंकार कर दिया। यह सुनते ही अपहरणकर्ताओं ने बच्ची को आलमबाग क्षेत्र के मछली मंडी के पास छोड़कर भाग निकले थे। इस घटना से यही लग रहा है कि इनका एक संगठित गिरोह है जो मासूम बच्ची या फिर बच्चों को अगवा कर बेचने का काम करते हैं।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!