बी0ओ0सी0डब्ल्यू0 डिजिटल लेबर चौक मोबाइल ऐप से निर्माण श्रमिकों को मिलेगा रोजगार एवं सरकारी योजनाओं का लाभ
न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा निर्माण श्रमिकों को सरकारी सेवाओं एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से *”BOCW Digital Labour Chowk Mobile App”* विकसित किया गया है।
अपर श्रम आयुक्त, लखनऊ क्षेत्र कल्पना श्रीवास्तव ने बताया कि यह मोबाइल ऐप निर्माण श्रमिकों एवं नियोक्ताओं के बीच एक प्रभावी डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा। इसके माध्यम से श्रमिकों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं रोजगार के अवसरों तक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कार्यों से जुड़े श्रमिक ऐप पर अपना पंजीकरण कर अपनी उपलब्धता दर्ज कर सकेंगे। साथ ही उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि बिल्डर, ठेकेदार, निर्माण एजेंसियां एवं अन्य नियोक्ता ऐप पर पंजीकरण कर अपनी आवश्यकतानुसार पंजीकृत श्रमिकों की खोज कर सीधे संपर्क स्थापित कर सकेंगे।
अपर श्रमायुक्त ने बताया कि यह ऐप ओला एवं उबर जैसे प्लेटफॉर्म की भांति कार्य करेगा, जहां श्रमिक और नियोक्ता एक ही मंच पर उपलब्ध होंगे।
उन्होंने लखनऊ मण्डल के समस्त निर्माण श्रमिकों, बिल्डरों, ठेकेदारों, निर्माण एजेंसियों, श्रमिक संगठनों एवं आमजन से अपील की है कि वे *BOCW Digital Labour Chowk Mobile App* का अधिकाधिक उपयोग करें। साथ ही अपने आसपास कार्यरत निर्माण श्रमिकों एवं नियोक्ताओं को भी इसके संबंध में जागरूक करें, जिससे अधिकाधिक पात्र श्रमिक एवं नियोक्ता इस डिजिटल व्यवस्था का लाभ प्राप्त कर सकें।
सभी निर्माण एजेंसियों, बिल्डरों, ठेकेदारों एवं अन्य नियोक्ताओं से भी अपेक्षा की है कि वे स्वयं अपना तथा अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत निर्माण श्रमिकों का इस ऐप पर पंजीकरण कराते हुए डिजिटल श्रम बाजार की इस अभिनव पहल को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।




