August 8, 2026 2:56 am

​संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल: अंजनी कुमार पांडे निर्विरोध चुने गए राष्ट्रीय अध्यक्ष, स्थापना दिवस पर हुआ पौधारोपण व सामग्री वितरण

लखनऊ। (संवाददाता) संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर आज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के निर्वाचन परिणाम की औपचारिक घोषणा की गई। इस वर्ष संगठन ने पूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन एवं निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न कराई।

निर्धारित समयावधि में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद हेतु केवल श्री अंजनी कुमार पांडे का ही वैध नामांकन प्राप्त हुआ। अन्य किसी प्रत्याशी द्वारा नामांकन पत्र प्रस्तुत न किए जाने के कारण नामित राजपत्रित निर्वाचन अधिकारी एवं कोर कमेटी ने निर्वाचन नियमों के अनुसार अंजनी कुमार पांडे को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।

परिणाम की घोषणा होते ही उपस्थित हजारों व्यापारियों एवं पदाधिकारियों में हर्ष की लहर दौड़ गई। “व्यापारी एकता जिंदाबाद” एवं “अंजनी कुमार पांडे जिंदाबाद” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। सभी ने श्री पांडे को पुष्पमालाएं पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं तथा उनके नेतृत्व में संगठन के और अधिक सशक्त एवं व्यापक होने का विश्वास व्यक्त किया।

स्थापना दिवस के अवसर पर संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल द्वारा सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए सैकड़ों पौधों का रोपण किया गया। साथ ही ठाकुर पब्लिक स्कूल के बच्चों को लेखन सामग्री, स्टेशनरी, चॉकलेट, टॉफी, नमकीन एवं टिफिन बॉक्स वितरित कर शिक्षा एवं सामाजिक सेवा के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर संगठन के द्वारा राजपत्रित अधिकारी व निर्वाचन अधिकारी संरक्षक सूर्य नारायण तिवारी, डॉक्टर जानकी शरण शुक्ला तथा प्रमोद मिश्रा, निर्मल यादव प्रवीण मणि त्रिपाठी, अशोक विश्वकर्मा, रतन दास राजकुमार सिंह अरविंद नाथ मिश्रा, राम तिवारी मनोज सिंह ठाकुर, मनु वैश्य, आर. के. गुप्ता जितेंद्र निगम संजय गुप्ता मुकेश शुक्ला अंशुमान बाजपेई सत्येंद्र यादव करुणेश प्रताप सिंह सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं हजारों की संख्या में व्यापारी साथी उपस्थित रहे।

संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष अंजनी कुमार पांडे ने स्थापना दिवस पर संगठनात्मक एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा सामाजिक सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करते हुए व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।

 

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!