कोपागंज और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई
ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी के मऊ जिले के कोपागंज थाने की पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश को इंदारा रेलवे स्टेशन के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी ढेला पुत्र चेला राम निवासी चेला राम का पुरा, थाना कोपागंज क्षेत्र में मौजूद है। घेराबंदी के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
पुलिस ने घायल बदमाश को दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर मौके से 1 अवैध तमंचा 315 बोर मय जीवित व खोखा कारतूस बरामद हुआ। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी थाना कोपागंज में दर्ज एक मामले में वांछित था और उस पर 15 हजार का इनाम घोषित था। इसके खिलाफ बलिया और मऊ के विभिन्न थानों में हत्या का प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
थाना कोपागंज पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





