दुस्साहस: परिवार को बंधक बनाकर पीटा, लूट ले गए नकदी व जेवरात
पुलिस चोरी का प्रयास होने की बात बताकर कर रही मामले की पड़ताल
मकान के पीछे के रास्ते घर में घुसे, घायलों को पुलिस ने कराया अस्पताल में भर्ती
बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें गठित, पुलिस का दावा जल्द ही आरोपी होंगे सलाखों के पीछे
ए अहमद सौदागर लखनऊ। इंदिरानगर थाना क्षेत्र के बजरंग चौराहा स्थित अमराई गांव में घनी आबादी के बीच शुक्रवार की देर रात बेखौफ बदमाशों ने एक शख्स के घर धावा बोलकर परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट की। मकान के पिछले हिस्से से दीवार फांदकर दाखिल हुए बदमाशों ने उमेश गुप्ता सहित पूरे परिवार को गन प्वाइंट पर ले लिया और विरोध करने पर उनकी पीट-पीटकर लहुलुहान कर दिया। बदमाश घर में रखी नकदी व जेवरात लेकर भाग निकले। हालांकि पुलिस इस घटना को चोरी होने की बात बता रही है। सूचना मिलते ही डीसीपी पूर्वी डॉ दीक्षा शर्मा सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और डॉग स्क्वायड व फिंगर प्रिंट दस्ते के साथ छानबीन की, लेकिन बदमाशों का कुछ सुराग नहीं लगा।
डीसीपी पूर्वी डॉ दीक्षा शर्मा के मुताबिक बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगा दी गई है और उम्मीद है कि जल्द ही पकड़ लिए जाएंगे।
पूरे घटनाक्रम पर एक नजर
इंदिरानगर थाना क्षेत्र के बजरंग चौराहे के पास स्थित अमराई गांव निवासी दीपक गुप्ता की अलीगंज क्षेत्र में परचून की दुकान है। उनके पिता उमेश चंद गुप्ता यहां परिवार के साथ रहते हैं। बताया जा रहा है कि रोज की तरह उमेश चंद गुप्ता, पत्नी शांति देवी व बेटी के साथ खाना खाने के बाद सो रहे थे कि करीब डेढ़-दो बजे रात को दीवार फांदकर बदमाश घर के भीतर दाखिल हुए। बताया जा रहा है कि घर के भीतर खटपट की आवाज सुनकर उमेश चंद गुप्ता व उनकी पत्नी शांति देवी की आंख खुली तो दंग रह गए। जैसे ही दंपति शोर मचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने पूरे परिवार को गन प्वाइंट पर लेकर बंधक बना लिया और उन्हें पीट-पीटकर लहुलुहान कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश घर में रखी नकदी व जेवरात बटोर कर भाग निकले। वारदात की खबर मिलते ही डीसीपी पूर्वी डॉ दीक्षा शर्मा सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और डॉग स्क्वायड व फिंगर प्रिंट दस्ते के साथ छानबीन शुरू की। डीसीपी पूर्वी डॉ दीक्षा शर्मा के मुताबिक घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि बदमाशों की गर्दन तक पहुंचने के लिए पुलिस की टीमें लगा दी गई है।





