August 4, 2026 12:01 am

औरास-रहीमाबाद मार्ग चौड़ीकरण: पानी का छिड़काव न होने से उड़ रही धूल, राहगीर परेशान; दुर्घटना की आशंका

औरास। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के जनपद उन्नाव जिले के औरास रहीमाबाद मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य इन दिनों तेज़ी से चल रहा है, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान मानकों की अनदेखी किए जाने और नियमित पानी का छिड़काव न होने से सड़क पर उड़ने वाली धूल राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर जमी धूल वाहनों के गुजरने पर तेज़ी से उड़ती है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों की आंखों में धूल चली जाती है। कई बार धूल के गुबार के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। रात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, क्योंकि धूल के कारण दृश्यता काफी कम हो जाती है।

ग्रामीणों और राहगीरों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार को नियमित पानी का छिड़काव कराने के लिए अवगत कराया गया, लेकिन इसके बावजूद दिनभर में केवल दो से तीन टैंकर पानी का छिड़काव कुछ स्थानों पर ही किया जाता है, जो पर्याप्त नहीं है।

लोगों का कहना है कि यदि सड़क पर दिन में लगातार दो से तीन बार पूरे निर्माण क्षेत्र में पानी का छिड़काव कराया जाए तो धूल की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है और राहगीरों को राहत मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने तथा नियमित पानी का छिड़काव कराने की मांग की है, ताकि संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

62
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!