November 8, 2026 12:42 am

विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में ग्रामीण क्षेत्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण : केशव प्रसाद मौर्य

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में ग्रामीण क्षेत्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत की आत्मा गांवों में बसती है और गांवों का सर्वांगीण विकास ही देश की समृद्धि, आत्मनिर्भरता तथा समावेशी प्रगति का मजबूत आधार है। प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति प्रदान करने के लिए योजनाबद्ध एवं व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है।

 

श्री मौर्य ने कहा कि ग्रामीण विकास को गति देने के लिए जल सुरक्षा, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं प्रभावी प्रबंधन, आधारभूत अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण तथा आजीविका संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में व्यापक कार्य किए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों का समुचित एवं सतत उपयोग सुनिश्चित करते हुए विकास की ऐसी मजबूत आधारशिला तैयार की जा रही है, जिससे गांवों की आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिले।

 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संरक्षण एवं जल सुरक्षा से संबंधित प्रयासों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध जल संसाधनों का संरक्षण और संवर्धन किया जाएगा। प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन से कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में भी सहायता प्राप्त होगी। इसके साथ ही ग्रामीण आधारभूत अवसंरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाकर विकास की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

 

श्री मौर्य ने कहा कि इन प्रयासों से ग्रामीण समुदायों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी, कृषि एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। ग्रामीण युवाओं, महिलाओं, किसानों तथा स्वयं सहायता समूहों को आजीविका से जोड़ते हुए उनकी आय में वृद्धि और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए भी प्रभावी पहल की जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि बदलती जलवायु एवं अन्य चुनौतियों के प्रति ग्रामीण समुदायों की अनुकूलन क्षमता को मजबूत करना भी विकास की प्राथमिकताओं में शामिल है। जलवायु-अनुकूल एवं टिकाऊ विकास को बढ़ावा देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप सक्षम और सशक्त बनाया जाएगा। इससे ग्रामीण समाज की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति में सकारात्मक परिवर्तन आएगा तथा विकास के लाभ अधिक व्यापक एवं स्थायी रूप से लोगों तक पहुंचेंगे।

 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश में भी डबल इंजन सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा के सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ग्रामीण विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतार रही है।

 

श्री मौर्य ने कहा कि सशक्त ग्रामीण अर्थव्यवस्था, समावेशी विकास और जनभागीदारी के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण का मार्ग और अधिक प्रशस्त हो रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि विकास की मुख्यधारा से प्रत्येक गांव और प्रत्येक ग्रामीण परिवार जुड़े तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समृद्धि देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे। ग्रामीण समुदायों की सक्रिय भागीदारी और समन्वित प्रयासों से समृद्ध, सशक्त एवं आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण का संकल्प निश्चित रूप से साकार होगा।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!