न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने सर्कुलर-05, दिनांक 07 अगस्त, 2026 जारी करते हुए हज यात्रियों को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए प्रशिक्षकों के चयन हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 11 अगस्त, 2026 से 23 अगस्त, 2026 तक हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। केवल ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे, ऑफलाइन आवेदन मान्य नहीं होंगे।
चयन प्रक्रिया के अंतर्गत 30 अगस्त, 2026 को कम्प्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) आयोजित की जाएगी। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 01 से 06 सितम्बर, 2026 तक होगा। चयनित प्रशिक्षकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण मुम्बई में सितम्बर, 2026 के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित है। प्रत्येक 150 हज यात्रियों पर एक प्रशिक्षक का चयन किया जाएगा। अंतिम चयन सीबीटी (100 अंक) एवं साक्षात्कार (20 अंक) के संयुक्त मेरिट अंकों के आधार पर होगा। अभ्यर्थियों को सीबीटी एवं साक्षात्कार दोनों में अलग-अलग न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
प्रशिक्षक पद के लिए अभ्यर्थी की आयु 07 अगस्त, 2026 को 25 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट (12वीं) या समकक्ष निर्धारित की गई है। सूचना प्रौद्योगिकी का ज्ञान रखने वाले स्नातक अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में 05 अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे। पुरुष एवं महिला प्रशिक्षकों का चयन हज यात्रियों की संख्या के अनुपात में किया जाएगा।
आवेदक के लिए गत पाँच वर्षों के भीतर हज यात्रा करना अनिवार्य है, जिसके प्रमाणस्वरूप वीज़ा, पासपोर्ट के संबंधित पृष्ठ अथवा हज कमेटी द्वारा जारी प्रमाण-पत्र संलग्न करना होगा। अभ्यर्थी को हिन्दी, उर्दू, अंग्रेज़ी एवं स्थानीय भाषा का पर्याप्त ज्ञान होना चाहिए, मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए तथा कम्प्यूटर संचालन एवं हज सुविधा ऐप के उपयोग में दक्ष होना आवश्यक है। चयनित अभ्यर्थियों को सरकारी चिकित्सक द्वारा जारी फिटनेस प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा।
इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी को हज के अरकानों का समुचित ज्ञान, भीड़ एवं समूह को संबोधित एवं नियंत्रित करने का अनुभव होना चाहिए तथा उसके विरुद्ध कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं होना चाहिए। इसके लिए स्व-अभिप्रमाणित हलफनामा देना अनिवार्य होगा।
सीबीटी परीक्षा में 50 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके लिए एक घंटे का समय निर्धारित होगा। प्रत्येक प्रश्न 02 अंक का होगा तथा प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.50 अंक की निगेटिव मार्किंग की जाएगी।




