August 12, 2026 5:28 pm

​उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी ने शुरू किया दो महीने का गहन जागरूकता अभियान

​लखनऊ। (संवाददाता) अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में एचआईवी/एड्स के प्रति व्यापक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी (यूपीएसएसीएस) द्वारा दो माह तक चलाए जाने वाले सघन जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का आधिकारिक शुभारंभ सोसाइटी के अपर परियोजना निदेशक श्री रविन्द्र कुमार द्वारा किया गया।
​उद्घाटन कार्यक्रम सोसाइटी एवं नेशनल पी.जी. कॉलेज के सहयोग से कॉलेज के सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता एवं सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश देने के लिए युवाओं द्वारा मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया और इसके विरुद्ध एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया गया।

​कार्यक्रम में श्री रमेश चन्द्र श्रीवास्तव (संयुक्त निदेशक, यूपीएसएसीएस) द्वारा सघन जागरूकता अभियान के उद्देश्यों तथा आई-स्कैन “अनुमान न लगाएं, स्कैन करें” पहल के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को अपने एचआईवी जोखिम का स्वयं आकलन (स्व-जोखिम आकलन) करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को इस पहल से जुड़ने और सही जानकारी के आधार पर जागरूक निर्णय लेने का आह्वान किया।

​इस अवसर पर डॉ. गीता अग्रवाल (संयुक्त निदेशक) एवं डॉ. संजय सोलंकी (संयुक्त निदेशक) द्वारा एचआईवी/एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। उन्होंने एचआईवी के संक्रमण, बचाव, जांच, उपचार तथा इससे जुड़े भ्रम एवं भेदभाव को दूर करने के संबंध में युवाओं को जागरूक किया।
​कार्यक्रम के दौरान युवाओं द्वारा चित्र-पोस्टर (विज्ञापन-चित्र) एवं लघु वीडियो (रील्स) के माध्यम से एचआईवी/एड्स जागरूकता संबंधी संदेश प्रस्तुत किए गए। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विजेताओं को सम्मानित किया गया।

​इस अवसर पर अपर परियोजना निदेशक श्री रविन्द्र कुमार ने युवाओं एवं सभी संबंधित विभागों व संस्थाओं से आह्वान किया कि आगामी दो माह तक पूरे प्रदेश में जिला, ग्रामीण एवं समुदाय स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार गतिविधियां संचालित की जाएं। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने, भ्रांतियों एवं भेदभाव को कम करने तथा लोगों को एचआईवी की जांच एवं आवश्यक सेवाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की जा सकती है।

​उन्होंने कहा कि जागरूकता, सही जानकारी और समय पर जांच एवं उपचार के माध्यम से एचआईवी के प्रसार को रोकने में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी के सामूहिक प्रयासों से उत्तर प्रदेश को एड्स मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी योगदान दिया जा सकता है।

64
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!