लोजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में यू.पी. संगठन को मजबूत करने पर जोर- के.बी. भारती
नई दिल्ली /लखनऊ लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान जी के नेतृत्व में संगठन
को देशभर में और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने को लेकर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया गया। बैठक में वरिष्ठ नेताओं एवं राष्ट्रीय पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।
बैठक में उत्तर प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वर्तमान राष्ट्रीय सचिव के.बी. भारती ने उत्तर प्रदेश के संगठनात्मक एवं राजनीतिक विषयों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने प्रदेश में संगठन की वर्तमान स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, आगामी राजनीतिक चुनौतियों तथा चुनावी तैयारियों से संबंधित विभिन्न विषयों पर राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष चर्चा की।
बैठक में बिहार सरकार के माननीय मंत्री संजय पासवान जी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी संगठन को मजबूत करने तथा जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने को लेकर अपने विचार रखे।
उत्तर प्रदेश को लेकर बैठक में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि पार्टी संगठन में नियमित सक्रियता, अनुशासन और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले पदाधिकारियों को प्राथमिकता दी जाए। लंबे समय से निष्क्रिय रहने वाले पदाधिकारियों एवं संगठनात्मक जिम्मेदारी का प्रभावी ढंग से निर्वहन नहीं करने वालों की समीक्षा किए जाने पर विचार किया गया, ताकि उनके स्थान पर समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान जी ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। जो कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर संगठन के लिए मेहनत कर रहे हैं, उन्हें उचित सम्मान, जिम्मेदारी और अवसर दिया जाना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित एवं प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई।
के.बी. भारती जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगे बढ़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान जी के नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का संगठन नई ऊर्जा और नई दिशा के साथ आगे बढ़ेगा। पूर्व जिला अध्यक्ष शंभू नाथ गुप्ता सहित जिम्मेदार नेताओं और कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी
10 अगस्त के कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया गया कि संगठन में काम करने वालों का सम्मान और निष्क्रियता की समीक्षा निरंतर प्रक्रिया का हिस्सा होगी। पार्टी का लक्ष्य एक ऐसा मजबूत, अनुशासित और जनसमर्पित संगठन तैयार करना है जो आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की राजनीति में प्रभावी भूमिका निभा सके।





